खबरें फतुहा की : राजू विधानसभा के प्रभारी बने, सेल्समैन को लूटा
राजू कुमार फतुहा विधानसभा के प्रभारी मनोनीत
फतुहा। जदयू युवा के नगर मंडल अध्यक्ष राजू कुमार को फतुहा विधानसभा प्रभारी के पद पर मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन जदयू युवा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पटेल ने किया है। कार्यकर्ताओं ने उनके मनोनयन से संगठन में मजबूती आने की बात कही है। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है। बधाई देने वालो में प्रदेश प्रभारी विशन कुमार बिट्टू, युवा जदयू के प्रदेश सचिव सत्येन्द्र यादव, राम किसटो सिंह, प्रखंड अध्यक्ष रंधीर यादव, मुन्ना यादव के साथ-साथ भाजपा के कार्यकर्ता शामिल हैं।

सेल्समैन से बदमाशों ने दस हजार रूपये व मोबाईल छिना
फतुहा। शुक्रवार की रात्रि कॉपरेटिव कालोनी के पास ट्रेन से उतरकर घर जा रहे सेल्समैन से तीन बदमाशों ने मारपीट कर मोबाइल फोन व दस हजार रुपये पर्स समेत छीन लिए। इसके बाद सभी बदमाश कोआॅपरेटिव कॉलोनी होते हुए फरार हो गए। तीनों बदमाश मास्क लगाए हुए थे। इस संदर्भ में पीड़ित सेल्समैन सोनारु गांव निवासी धनंजय कुमार ने थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। बताया जाता है कि पीड़ित युवक पटना में सेल्समैन का काम करता है। ड्यूटी से लौटने के क्रम में जब वह ट्रेन से उतरकर कोआॅपरेटिव कालोनी होते हुए घर जा रहा था, तभी बदमाशों ने उसे घेर कर मारपीट की तथा पैसे व मोबाइल फोन छीन लिए। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

