पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह के निधन पर सीएम नीतीश समेत बिहार के कई नेताओं ने व्यक्त की शोक संवेदना, राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

  • डिप्टी सीएम रेणु देवी ने भी स्व. नरेंद्र सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
  • पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह की कमी हमेशा खलेगी : अश्विनी चौबे

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व मंत्री नरेन्द्र सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि वे एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। वे 1974 के जेपी आंदोलन के प्रखर सेनानी थे। सामाजिक कार्यों में भी उनकी गहरी अभिरूचि थी। वे अपने क्षेत्र में लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन से मैं मर्माहत हूँ। उन्होंने मेरे साथ मेरे मंत्रिमंडल सहयोगी के रूप में मंत्री पद की जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया था। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने स्व नरेन्द्र सिंह के पुत्र विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें सांत्वना दी है। स्व नरेन्द्र सिंह जी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चीर शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
डिप्टी सीएम रेणु देवी ने भी स्व. नरेंद्र सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए रेणु देवी ने कहा कि वे जेपी सेनानी होने के साथ साथ प्रखर राजनेता थे। उपमुख्यमंत्री ने उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।


पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह की कमी हमेशा खलेगी : अश्विनी चौबे
केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य व सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने बिहार के पूर्व स्वास्थ्य व कृषि मंत्री, जेपी आंदोलन के प्रखर सेनानी रहे नरेंद्र सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री श्री सिंह के निधन से अत्यंत दुख पहुंचा है। उनका निधन व्यक्तिगत क्षति है। उनसे पारिवारिक संबंध था। वे जननेता थे। उनकी कमी हमेशा खलेगी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के लिए कार्य किया। बिहार के विकास लिए हमेशा तत्पर रहे। वे हमेशा याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। ईश्वर, उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

About Post Author

You may have missed