August 27, 2026

कैंब्रिज विश्वविद्यालय में बोले तेजस्वी : आरएसएस व भाजपा सरकार के कारण देश में नफरत का माहौल

पटना। सोमवार को कैंब्रिज विश्वविद्यालय में दक्षिण एशिया छात्र फोरम द्वारा ‘देश और बिहार का सर्वांगीण विकास तथा लोकतंत्र, विपक्ष का भविष्य, भूमिका व एकता’ विषय पर आयोजित संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि हम बेहतर और विकसित भारत के लिए लड़ रहे हैं। यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि नफरत और आर्थिक असमानता फैलाने वाली फासीवादी विचारधारा से है। आरएसएस व भाजपा की सरकार ने देश में अराजक व नफरत का माहौल बना दिया है।
बेहतर और विकसित भारत के लिए लड़ रहे
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारी नीतियां, सिद्धांत, विचारधारा और पार्टी गरीब, युवा, महिला, किसान, वंचित, उपेक्षित और अल्पसंख्यक वर्गों के पक्ष में हैं। भारत में लोकतंत्र की अपनी चुनौतियां हैं और तमाम बाधाओं के बावजूद हम लोकतंत्र के लोकाचार को बनाए रखने में सफल रहे हैं। हम लोकतंत्र में लोक के महत्व को सबसे अधिक समझते हैं। भारतीय लोकतंत्र की जड़ें जनता के संघर्ष में परिलक्षित होती हैं। तेजस्वी ने कहा कि हम एक बेहतर और विकसित भारत के लिए लड़ रहे है। हमारी लड़ाई किसी व्यक्ति से नहीं बल्कि नफरत व आर्थिक/सामाजिक असमानता फैलाने वाली फासीवादी विचारधारा से है।
देश में बेचैनी और नफरत का है माहौल
उन्होंने कहा कि आइडिया आफ इंडिया के केंद्र में समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्य हैं, जैसा हमारे संविधान की प्रस्तावना में व्यक्त किया गया है। आरएसएस व भाजपा सरकार की सांप्रदायिक और असंवेदनशील पूंजीवादी नीतियों के कारण देश में बेचैनी और नफरत का माहौल है। गरीबी, बेरोजगारी, असमानता और महंगाई लगातार बढ़ रही है। ऐसी ताकतों से देश को बचाने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होने की जरूरत है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सलमान खुर्शीद, सीताराम येचुरी, महुआ मोइत्रा, मनोज झा सहित अनेक प्रोफेसर, स्कालर व प्रबुद्ध छात्र उपस्थित थे।

You may have missed