एनडीए में सीट बंटवारे पर बातचीत जारी, जल्द ही संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देंगे जानकारी : अशोक चौधरी

  • पूर्व मंत्री बोले- यहां सब कुछ ठीक, लोजपा के दोनों गुटों से बातचीत कर रही भाजपा, मंत्रिमंडल विस्तार जल्द

पटना। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कभी भी हो सकता है। इस बीच बिहार के दोनों ही गठबंधनों (महागठबंधन और एनडीए) की ओर से सीटों के बंटवारे को लेकर घटक दलों के साथ रस्साकसी जारी है। हालांकि एनडीए की ओर से लगातार यह दावा किया जा रहा है कि सब कुछ ऑल इज वेल है। वहीं जेडीयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अशोक चौधरी ने कहा है कि लोकसभा चुनाव को लेकर एनडीए की बिहार की सीटों की घोषणा संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर की जाएगी। जल्द ही सीट बटवारे पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार भी जल्द हो सकता है। वह पटना में मीडिया से बात कर रहे थे। लोजपा के दोनों गुटों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा उनलोगों से बात कर रही है। सीट बंटवारे को लेकर बिहार एनडीए में गतिविधियां तेज हो गई हैं। कयास लगाया जा रहा है कि एनडीए में सीट बंटवारे का पेच अब सुलझने ही वाला है। सीट बंटवारे को लेकर भाजपा लगातार अपने घटक दलों के साथ सम्पर्क में है। मंगलवार को दिल्ली में बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े के आवास पर बिहार भाजपा के नेताओं के साथ बैठक हुई। इस बैठक में बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर मंथन हुआ। पार्टी नेताओं ने सीट टू सीट बातचीत की। साथ ही सीटिंग सीटों में पर्यवेक्षकों से हर लोकसभा क्षेत्र के लिए आए चार-छह नामों में से तीन-तीन नाम भी छांटे गए। आलाकमान को हरेक लोकसभा क्षेत्र के लिए तीन-तीन नाम दिए जाएंगे। इन्हीं तीन नामों में से किसी एक को उम्मीदवार बनाया जाएगा। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दावा करते हुए कहा है कि लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के पहले सीटों का बंटवारा हो जाएगा। एनडीए में कहीं कोई परेशानी नहीं है। चिराग पासवान के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सहयोगियों को सम्मान देती है। सबों को साथ लेकर भाजपा चलती है। इसलिए भाजपा के जो सहयोगी हैँ, वे भाजपा के साथ ही रहेंगे। कहीं कोई समस्या नहीं है। मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर उन्होंने कहा कि सीएम विदेश दौरे से आ गए हैं। जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा।

About Post Author

You may have missed