छपरा जंक्शन पर यात्री की संदिग्ध मौत से मची सनसनी, प्लेटफार्म पर मिली लाश
छपरा। बिहार के छपरा जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या एक पर मंगलवार की सुबह एक यात्री को मृत पाया गया। जिसके बाद मृत यात्री के सामानों की तलाशी के बाद उसकी पहचान सिवान जिले के तरवारा थाना अंतर्गत दीनदयालपुर निवासी स्वर्गीय विश्वकर्मा शर्मा के 55 वर्षीय पुत्र गंगा सागर शर्मा के रूप में की गई। इसके बाद छपरा जंक्शन जीआरपी के द्वारा इस बात की सूचना उसके घर वालों को दी गई। वहीं जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान गंगासागर के पुत्र ने बताया कि वह मुंबई रहते थे। मुंबई से वापस घर लौट रहे थे। सोमवार देर रात्रि छपरा जंक्शन पर उतरने के बाद वह जंक्शन पर ही सो गये। सुबह में उन्हें अचानक सूचना मिली कि उनके पिता की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने बताया कि वह बीमार नहीं थे। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।