सहरसा में सात साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

  • आम के बगीचे में टिकोला चुनने गई बच्ची को पड़ोसी ने मकई के खेत में उठाकर ले जाकर दिया वारदात को अंजाम
  • पीड़िता के गुप्तांग में आई भीतरी चोट, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए सबूत

सहरसा। जिले के काशनगर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक सात वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पड़ोसी युवक को पुलिस ने रविवार रात ही गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित बच्ची को सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची अब खतरे से बाहर है, लेकिन उसकी निगरानी जारी है। घटना रविवार शाम करीब चार बजे की है। बच्ची अपने घर से करीब पांच सौ मीटर दूर आम के बगीचे में टिकोला चुनने गई थी। इस दौरान गांव का रहने वाला ललित सदा (उम्र 30) उसे मकई के खेत में बुलाने लगा। बच्ची के मना करने पर आरोपी ने उसे जबरन कंधे पर उठाया और खेत में ले गया। वहां उसने बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फरार हो गया। बच्ची किसी तरह फटे कपड़ों और खून से लथपथ हालत में पैदल अपने घर पहुंची। मां ने बताया कि बच्ची लड़खड़ाती आवाज में पूरी घटना बता पाई। इसके बाद गांव के लोग एकत्रित हुए और पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर के क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी मुकेश कुमार ठाकुर और थानाध्यक्ष बजरंगी कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पीड़ित बच्ची चार बहनों में सबसे बड़ी है और अति पिछड़ा परिवार से आती है। वह स्कूल नहीं जाती, लेकिन दो-चार अक्षर पढ़ लेती है। उसके पिता मुंबई में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के दिन वह भी मुंबई में ही थे। सदर अस्पताल की चिकित्सक कुमारी भारती ने बताया कि बच्ची के प्राइवेट भाग में भीतरी चोट आई है और आने के समय हल्का रक्तस्राव हो रहा था। उसके एक गाल पर भी खरोंच के निशान हैं। बच्ची अभी बदहवास है और डरी-सहमी होने के कारण ठीक से कुछ बता नहीं पा रही। उम्मीद है कि वह सोमवार दोपहर तक सामान्य हो जाएगी। बच्ची को बच्चा वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। आरोपी ललित सदा विवाहित है और गांव में मजदूरी करता है। वह नशेड़ी प्रवृत्ति का है। पांच दिन पहले ही उसने अपनी पत्नी से मारपीट की थी, जिससे पत्नी दो बच्चों (तीन साल की बेटी और दो साल का बेटा) को लेकर मायके चली गई थी। काशनगर थाना पुलिस ने उसे गांव से ही गुप्त रूप से रविवार रात दस बजे गिरफ्तार किया। रात ग्यारह बजे आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में सहरसा महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

You may have missed