मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन हिंसा कांड की अहम गवाह 7वीं लड़की बरामद

पटना। मोकामा के नाजरथ बालिका गृह से शनिवार की सुबह लापता हुईं सात लड़कियों में से छह को दरभंगा से उसी दिन 24 घंटे के अंदर पटना पुलिस की लेडी सिंघम आईपीएस अधिकारी लिपि सिंह ने बरामद कर लिया था, जिसके बाद सातवीं लड़की की बरामदगी को लेकर चारों ओर सवाल उठ रहे थे। लेकिन खबर आ रही है कि अब सातवीं लड़की को भी पुलिस ने खोज लिया है। पुलिस की विशेष टीम (एसआइटी) ने उसे बिहार के मधुबनी में बरामद किया है। बता दें इन लड़कियों में पांच मुजफ्फरपुर बालिका गृह से हटाकर मोकामा के बालिका गृह में रखी गईं थीं। देर रात बरामद सातवीं लड़की मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन हिंसा कांड की अहम गवाह भी है। बरामद लड़की के साथ 3 युवकों को भी गिरफ्तार किए जाने की सूचना है।
मधुबनी से बरामदगी: मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन हिंसा कांड की अहम गवाहों में शामिल एक लापता लड़की को पुलिस ने मधुबनी से बरामद कर लिया। पुलिस उसे लेकर पटना आ रही है। पटना की एसएसपी गरिमा मलिक द्वारा एएसपी लिपि सिंह के नेतृत्व में गठित एसआइटी ने मोकामा के बालिका गृह से लापता सातवीं लड़की को मधुबनी जिले के जयनगर क्षेत्र से बरामद किया। बताया जाता है कि लड़की के पास एक हजार रुपये मिले हैं। लड़की किसी लड़के के साथ फरार हो गई थी।
अब मास्टरमाइंड की तलाश: अब पुलिस घटना के मास्टरमाइंड की तलाश में है। एसएसपी गरिमा मलिक व एएसपी लिपी सिंह बरामद लड़की तथा तीन लड़कों से पूछताछ कर रहीं हैं।
घटना में साजिश की आशंका : बालिका गृह से लड़कियों के लापता होने के संबंध में बताया गया कि वे मुख्य गेट से फरार हो गईं थीं। लेकिन कड़ी सुरक्षा के बीच वे मुख्य गेट से कैसे बाहर निकलीं, यह बड़ा सवाल है। माना जा रहा है कि उनकी फरारी किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है। आरोप है कि वे उन्हें जान-बूझकर भगाया गया था।
मुजफ्फरपुर के महापाप की थी अहम गवाह: यह लड़की मुजफ्फरपुर बालिका गृह में हुए महापाप की मुख्य गवाह है और उसी के बयान पर ब्रजेश ठाकुर के काले कारनामे दुनिया के सामने आए थे। उसने बताया था कि ब्रजेश लड़कियों के साथ कैसी बर्बरता करता था। उसने मुजफ्फरपुर बालिका गृह में आने वाले नेताओं व अन्य सफेदपोशों को भी बेनकाब किया था।
पुलिस-प्रशासन में मचा हुआ था हड़कंप : मोकामा बालिका गृह से लड़कियों के भागने को लेकर पूरा प्रशासन सकते में था।  खासकर सातवीं लड़की की बरामदगी पटना पुलिस के लिए अहम मानी जा रही थी। बता दें मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड की मॉनीटरिंग सुप्रीम कोर्ट कर रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश से ही यह मुकदमा बिहार से दिल्ली के साकेत कोर्ट में स्थानांतरित किया गया है।

About Post Author

You may have missed