PATNA : बारात पार्टी की गंगा में गिरी स्कार्पियो बरामद, दो लोग अब भी लापता, सर्च अभियान जारी

फतुहा। बीते रविवार को पटना के जेठुली घाट के समीप नाव से बारात पार्टी की गंगा में गिरी स्कार्पियो का पता सोमवार को चल गया। वर्षा से बचने को लेकर स्कार्पियो में सवार चार लोग तो स्कार्पियो के पिछले गेट का शीशा तोड़कर किसी तरह हादसे के समय ही स्थानीय लोगों की सहयोग से अपनी जान बचा ली। लेकिन उसमें बैठे रह गए दो लोग अब भी गंगा में लापता हैं। एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम गंगा में लापता दोनों लोगों की तलाशी के लिए सर्च अभियान चला रही है। हादसे के तुरंत बाद ही एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी थी लेकिन अंधेरा रहने के कारण सर्च अभियान में काफी परेशानी हो रही थी।


सोमवार की सुबह जब टीम ने गंगा में सर्च अभियान शुरू किया तो कुछ ही घंटे के बाद गंगा में डूबे स्कार्पियो का पता चल गया। इसके बाद स्कार्पियो को गंगा से बाहर निकालने की प्रकिया शुरू की गयी। करीब डेढ़ घंटे के मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से डूबे स्कार्पियो को गंगा से बाहर निकाल लिया गया। स्कार्पियो गंगा में औंधे मुंह गिरी थी। लेकिन उसमें सवार बारात पार्टी के नवरत्नपुर 50 वर्षीय निवासी अनिल राय व पोस्टल पार्क इंदिरा नगर रोड नंबर 4 के निवासी 19 वर्षीय गौतम कुमार गंगा में लापता हो गये, जिनकी तलाश अब भी जारी है। अनिल राय दुल्हे के पिता का दोस्त तथा गौतम दूल्हे का दोस्त बताया जा रहा है। बारात जाने के लिए दोनों उसी नाव पर सवार थे, जिस नाव से स्कार्पियो गंगा में गिरकर समा गयी। दोनों के परिजन सोमवार को सर्च अभियान के दौरान जेठुली घाट पहुंचे तथा गंगा से बाहर उन दोनों को देखने के लिए गंगा की ओर बिना पलक गिराए निहारने लगे। बताया जाता है कि गौतम अपने माता-पिता का एकलौता पुत्र था। उसकी दो बहन छोटी है, जो पढाई कर रही है।
गौरतलब है कि नवरत्नपुर निवासी उपेन्द्र राय के पुत्र की बारात गंगा पार जाने के लिए कई छोटे वाहन व मोटरसाइकिल से बीते रविवार को जेठुली घाट पहुंची थी। इसी क्रम में एक स्कार्पियो व एक बोलेरो को बारात पार्टी के लोगों के साथ नाव पर सवार कराया गया था। नाव जेठुली घाट से खुली ही थी कि वर्षा होना शुरू हो गया। नाव पर सवार बाराती के कुछ लोग वर्षा के पानी में भीगने से बचने के लिए स्कार्पियो पर सवार हो गये। इस वजह से नाव एक तरफ असंतुलित हो गयी तथा स्कार्पियो लुढ़क कर गंगा में जा गिरी। इस घटना के बाद गंगा किनारे बारात पार्टी के लोगों में अफरा तफरी मच गई। नदी थाना पुलिस के मुताबिक दोनों की तलाशी के लिए मंगलवार को भी गंगा में सर्च अभियान चलाया जाएगा।

नव पदस्थापित सीओ ने पदभार ग्रहण किया
दनियावां। सोमवार को अंचल कार्यालय में नव पदस्थापित सीओ राम कुमार रमण ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि अंचल के सारे कार्य पारदर्शी तरीके से कराया जाएगा। इस दरम्यान प्रखंड प्रमुख ब्रजेश कुमार सिन्हा, बीडीओ पंकज कुमार निगम समेत अंचल के सारे कर्मी मौजूद थे।

About Post Author

You may have missed