September 30, 2026

राजद का पोस्टर वार! प्रधानमंत्री को बताया कठपुतली कलाकार, लिखा- संवैधानिक संस्थाओं को अपने इशारे पर नाचता नचा रहा कलाकार

पटना। राजद दफ्तर के बाहर बड़ा सा पोस्टर लगाया गया है। लालू की पार्टी राजद ने इस पोस्टर के जरिए पीएम नरेंद्र मोदी को ‘कठपुतली कलाकार’ कहा है। बताया जा रहा है की युवा राजद के प्रदेश महासचिव प्रेम कुमार यादव ने ये पोस्टर लगाया है। मालूम हो की प्रेम, राजद के पक्ष में यूनिक पोस्टर लगाते रहे हैं। वे लालू प्रसाद व तेजस्वी यादव के करीबी नेताओं में हैं। वही इस पोस्टर पर लिखा है- ‘देश की संस्थाओं को कठपुतली की तरह अपने इशारों पर नचाता एक कलाकार’। लालू प्रसाद व तेजस्वी यादव इस बात को बार-बार कहते रहे हैं कि केन्द्र की सरकार संविधान विरोधी है, संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट कर रही है और इसे अपने कब्जे में कर लिया है। आरोप यहां तक लगाते रहे कि CBI और ED की दबिश केन्द्र सरकार के इशारे पर ही बढ़ी हुई है। वही इस पोस्टर में कठपुतली कलाकार के रूप में नरेन्द्र मोदी को लोकसभा, राज्यसभा, चुनाव आयोग व ईडी को धागे के सहारे नचाते हुए दिखाया गया है। जो बातें राजद के बड़े नेता कहते रहे हैं उसे ही पोस्टर पर कार्टून के जरिए दिखाया है। पोस्टर पर तेजस्वी यादव की बड़ी फोटो है। साथ ही लालू प्रसाद, राबड़ी देवी, जगदानंद सिंह, अब्दुलबारी सिद्दीकी, रणविजय साहु, तेजप्रताप यादव और राजेश यादव की भी फोटो है।
जनता को जागरूक करने के लिए पोस्टर
वही इस पोस्टर को लेकर राजद नेता प्रेम कुमार यादव ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं का अस्तित्व खतरे में है। नरेन्द्र मोदी सरकार इसे अपने हिसाब से चला रही है। हाल में राज्यसभा व लोकसभा के कई सदस्यों की सदस्यता रद्द कर दी गई। विपक्षी नेताओं को ED बेवजह परेशान कर रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को मजा चखाएगी। जनता को जागरूक करने के लिए यह पोस्टर लगाया गया है।

You may have missed