देश के अगले नए मुख्य चुनाव आयुक्त बनेगें राजीव कुमार, 15 मई को लेगें कार्यभार

पटना। राजीव कुमार देश के अगले मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे। न्याय एवं विधि मंत्रालय ने गुरुवार को एक नोटिफिकेशन जारी कर इसकी जानकारी दी है। नोटिफिकेशन में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने चुनाव आयोग के सबसे वरिष्ठ आयुक्त राजीव कुमार को इस पद पर नियुक्त किया है। वे 15 मई को मुख्य चुनाव आयुक्त का पद संभालेंगे। दरअसल मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा का कार्यकाल 14 मई को पूरा हो रहा है। राजीव कुमार 1984 बैच के आईएएस अफसर हैं। उनके पास प्रशासनिक सेवाओं में 36 साल तक काम करने का अनुभव है। राजीव कुमार केंद्र के कई मंत्रालयों के अलावा बिहार-झारखंड कैडर में भी लंबे समय तक सेवाएं दीं। इसके पहले वे फरवरी 2020 में ही केंद्रीय वित्त सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। राजीव कुमार के पास दो स्नातक डिग्री हैं, एक जूलॉजी में और दूसरी कानून में। साथ ही सार्वजनिक नीति और स्थिरता में उन्होंने मास्टर डिग्री की है।

राजीव कुमार का मुख्य चुनाव आयुक्त का कार्यकाल 2025 तक है। ऐसे में राजीव कुमार के नेतृत्व में ही 2024 के आम चुनाव कराए जाएंगे। राजीव कुमार को एक सितंबर 2020 को चुनाव आयुक्त बनाया गया था। निर्वाचन आयोग में कार्यभार संभालने से पहले राजीव कुमार लोक उद्यम चयन बोर्ड के अध्यक्ष थे। उन्होंने अप्रैल 2020 में पीईएसबी के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला था। राजीव कुमार फरवरी 2020 में भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त हुए। राजीव कुमार 1 सितंबर 2020 को चुनाव आयुक्त के रूप में भारत के चुनाव आयोग में शामिल हुए थे। राजीव कुमार भारतीय रिजर्व बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, नाबार्ड के निदेशक; सदस्य, आर्थिक आसूचना परिषद, वित्तीय स्थिरता और विकास परिषद, बैंक बोर्ड ब्यूरो, वित्तीय क्षेत्र नियामक नियुक्ति खोज समिति, तथा कई ऐसे अन्य बोर्डों और समितियों के साथ-साथ सिविल सेवा बोर्ड के भी सदस्य रहे हैं।

About Post Author

You may have missed