2024 में देश की जनता राहुल गांधी को देश का पीएम बनते देखना चाह रही है : अखिलेश सिंह

  • पटना में पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस अध्यक्ष ने किया बड़ा दावा, कैबिनेट विस्तार में भी मांगी हिस्सेदारी
  • देश में अब लगातार घट रही है नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता : अखिलेश सिंह

पटना। बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने दावा करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता निरंतर घट रही है। 2024 लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को जनता प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है। पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में भारत जोड़ो यात्रा का व्यापक समर्थन लोगों के द्वारा प्राप्त हो रहा है। फरवरी पहले सप्ताह में यात्रा पटना पहुंचेगी, जिसमें शामिल होने के लिए प्रियंका गांधी को भी आमंत्रित किया गया है। इससे पहले प्रथम चरण की पदयात्रा समाप्त होने के बाद मंगलवार को भागलपुर में अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा था कि आने वाले दिनों में बिहार में कांग्रेस एक नये रूप में दिखेगी। भाजपा की नफरत और विभाजनकारी राजनीति को न केवल वैचारिक रूप से हराएंगे, बल्कि बिहार के जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सप्ताह में लाखों लोगों ने शिरकत की। यात्रा 110 किलोमीटर की दूरी तय कर चुकी है। यात्रा ने 2024 के लोकसभा चुनाव लिए पार्टी का टोन सेट कर दिया है। यात्रा ने बिहार में भाजपा के खेमे में खतरे की घंटी बजा दी है। हाड़ कंपा देने वाली इस ठंड के बावजूद भारी संख्या में लोग इस यात्रा से जुड़ रहे हैं। उत्साही पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी और पदयात्रा के दौरान प्रदर्शित अनुकरणीय नेतृत्व ने बिहार में 2024 के लिए पार्टी की दिशा तय कर दी है।
संख्या के हिसाब से कैबिनेट विस्तार में हमारे दो और मंत्री बनने चाहिए : अखिलेश सिंह
बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा है कि हमारी जो संख्या है, उसके हिसाब से कैबिनेट विस्तार में हमारे दो और मंत्री बनने चाहिए। इसको लेकर मैं मुख्यमंत्री जी से मिला हूं। उन्होंने कहा कि समाधान यात्रा समाप्त होने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा। इसलिए हमें उम्मीद है। अखिलेश सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा के डिप्टी सीएम बनने वाले बयान पर कहा कि यह जदयू को तय करना है। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री के लिए योग्य उम्मीदवार बताने पर कहा कि वो प्रधानमंत्री बनने के योग्य हैं, इस पर कौन सवाल खड़ा कर सकता है।
सीएम पर दिए गए ऐसे आपत्तिजनक बयानों का कांग्रेस विरोध करती है : अखिलेश सिंह
उन्होंने कहा कि अभी राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अस्वस्थ हैं। इसलिए अभी तक राजद विधायक द्वारा मुख्यमंत्री पर बयानबाजी करनेवालों पर कार्रवाई नहीं की गई है। मेरे कुछ मित्र राजद में हैं। उनसे मुझे यह पता चला है कि राजद में भी उनके इस तरह के बयानबाजी से कोई खुश नहीं है। कांग्रेस भी आहत है और इस तरह के बयानों का विरोध करती है।
खगड़िया से 16 जनवरी से दोबारा शुरू होगी भारत जोड़ो यात्रा
कांग्रेस नेता ने कहा कि 5 जनवरी से भारत जोड़ो यात्रा बिहार राज्य में चल रही है। इसकी शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आकर की। अभी तक 110 किलोमीटर की यात्रा पूरी हो चुकी है। काफी संख्या में लोग इससे जुड़ रहे हैं। यह बताता है कि राहुल गांधी को जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 16 तारीख से यह यात्रा दोबारा खगड़िया से शुरू होगी। 1100 किलोमीटर की जो बची हुई यात्रा है उसे हमलोग गया में समाप्त करेंगे। इससे पहले पटना में फरवरी के पहले सप्ताह में रैली करेंगे। गया में एक बड़ी रैली करके इस यात्रा का समापन करेंगे। यात्रा के समापन समारोह में सम्मिलित होने के लिए प्रियंका गांधी और राहुल गांधी को निमंत्रण दिया गया है।

About Post Author

You may have missed