कायरन पोलार्ड ने आईपीएल से लिया सन्यास, मुंबई इंडियंस ने बैटिंग कोच किया नियुक्त

फोटो साभार : मुंबई इंडियन टि्वटर

मुबई। वेस्ट इंडीज के स्टार ऑलराउंडर काइरन पोलार्ड ने आईपीएल से संन्यास ले लिया है। ये खबर आईपीएल 2023 के लिए खिलाड़ियों के रिटेंशन से ठीक पहले आई है। पोलार्ड के आईपीएल में नहीं खेलने के संकेत तो इस लीग के पिछले सीजन में ही मिल गए थे। लेकिन अब उनके संन्यास की खबर पर आधिकारिक मुहर लगने के बाद ये साफ हो गया है कि वो आईपीएल 2023 में खेलते नहीं दिखेंगे। अब उनकी नई भूमिका कोच की होगी। आईपीएल 2023 में वो मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच की भूमिका में दिखेंगे। आईपीएल से संन्यास के बाद भी वो मुंबई इंडियंस को जीत दिलाने की भूमिका में पोलार्ड बने रहेंगे। वो फ्रेंचाइजी के उभरते बल्लेबाजों को मुकाबलों के लिए तैयार करेंगे। और, इस तैयारी के लिए उनसे बेहतर कोई हो भी नहीं सकता। पोलार्ड के पास आईपीएल का तो अनुभव है ही। इसके अलावा वो दुनिया भर की लीग में भी अपना जलवा बिखेर चुके हैं।
मुंबई इंडियंस से 13 साल तक खेले पोलार्ड
काइरन पोलार्ड बतौर खिलाड़ी मुंबई इंडियंस से पिछले 13 साल से जुड़े थे। लेकिन एक दशक से ज्यादा चला ये नाता अब नए पड़ाव पर पहुंच चुका है। इस दौरान पोलार्ड ने आईपीएल में 189 मैच खेले, जिसकी 171 पारियों में उन्होंने 147।32 की स्ट्राइक रेट से 3412 रन बनाए हैं। पोलार्ड ने आईपीएल में सिर्फ 16 अर्धशतक जड़े हैं। मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए पोलार्ड की भूमिका एक ऑलराउंडर की थी। बल्ले के अलावा उन्होंने गेंद से भी अपना दम दिखाया है। ऐसा करते हुए उन्होंने कई मैच अपने दम पर मुंबई को जिताए हैं।

About Post Author