कन्हैया के बहाने पप्पू यादव का राजद पर तंज़, कहा- संघर्षशील को अवसर मिलेगा, तभी राजनीति बदलेगी

पटना। इंडिया गठबंधन के सीट शेयरिंग के विपरीत पूर्णिया से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे पप्पू यादव ने सोमवार को कांग्रेस के बड़े नेता कन्हैया कुमार को दिल्ली से टिकट मिलने पर बधाई दी। उन्होंने अपनी सोशल मीडिया हैंडल एक्स के माध्यम से कन्हैया कुमार को टिकट मिलने और चुनाव लड़ने को लेकर बधाई दी है। इसके साथ-साथ उन्होंने इशारों इशारों में राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के ऊपर भी जुबानी हमला किया है। पप्पू यादव ने कन्हैया कुमार को बधाई देते हुए लिखा कि अगर राजनीति में संघर्ष करने वाले चेहरे को अवसर मिलेगा तभी भारत की राजनीति बदलेगी। इस पोस्ट के माध्यम से उन्होंने लालू प्रसाद यादव को यह बताने का काम किया है कि पूर्णिया लोकसभा से उन्होंने पप्पू यादव का टिकट काटकर गठबंधन धर्म का पालन न करते हुए एक संघर्ष करने वाले नेता को दबाने का काम किया है। कांग्रेस की लिस्ट में तीन राज्यों के 10 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है। कन्हैया कुमार को बिहार से बाहर दिल्ली से टिकट मिलने पर पप्पू यादव ने सोमवार को एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। पप्पू यादव ने एक्स पर लिखा, कन्हैया कुमार जी को बिहार से बाहर दिल्ली से टिकट मिला। उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं! संघर्षशील युवा चेहरों को अवसर मिलेगा तभी राजनीति बदलेगी। कन्हैया कुमार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रत्याशी मनोज तिवारी को चुनौती देंगे। बीते रविवार को कांग्रेस ने जो लिस्ट जारी की है उसमें दिल्ली की तीन, पंजाब की छह और उत्तर प्रदेश की एक लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार की घोषणा की गई है। कन्हैया कुमार बिहार के बेगूसराय के रहने वाले हैं। 37 वर्षीय कन्हैया कुमार 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के टिकट पर बेगूसराय से ही चुनाव लड़े थे। हालांकि हार गए थे। इस बार दूसरा मौका है लेकिन सीट और पार्टी अलग है। 2019 में उन्होंने बेगूसराय से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा था। इस बार मनोज तिवारी के खिलाफ कांग्रेस के टिकट पर लड़ने वाले हैं। 2019 के चुनाव में कन्हैया कुमार को 4 लाख से अधिक वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। वह जेएनयूएसयू के अध्यक्ष रह चुके हैं। कन्हैया कुमार 2021 में कांग्रेस में शामिल हुए। 2023 में उन्हें कांग्रेस कार्य समिति में शामिल किया गया। इसके बाद अब कांग्रेस ने उन्हें लोकसभा चुनाव में उतार दिया है। पप्पू यादव हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं लेकिन पूर्णिया सीट आरजेडी के पास है। ऐसे में पप्पू यादव पूर्णिया सीट से निर्दलीय ही मैदान में उतरे हैं। देखना होगा कि इन दोनों नेताओं पर जनता कितना भरोसा जताती है।

About Post Author

You may have missed