बिहार JDU की नई कमिटी घोषित: संगठन में एक तिहाई से अधिक महिलाओं को जगह देने वाली देश की पहली पार्टी

* नई टीम में महिलाओं और युवाओं को प्रमुखता, समाज के सभी तबके को सम्मान: उमेश सिंह कुशवाहा

* टीम में 29 उपाध्यक्ष, 60 महासचिव, 114 सचिव, 1 कोषाध्यक्ष एवं 7 प्रवक्ताओं को दी गई जगह


पटना। बिहार प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने अपनी नई टीम की घोषणा कर दी। पार्टी मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में पदाधिकारियों की सूची जारी की। इस दौरान उनकी नई टीम के उपाध्यक्ष लक्ष्मेश्वर राय (पूर्व मंत्री), गुलाम गौस (विधानपार्षद), ललन पासवान (विधायक), डॉ. रंजू गीता (पूर्व मंत्री), डॉ. नवीन कुमार आर्य, प्रमिला प्रजापति, महासचिव अनिल कुमार, चंदन कुमार सिंह, डॉ. एलबी सिंह, राजीव नयन उर्फ राजू सिंह, डॉ. आसमां परवीन, प्रदेश प्रवक्ता संजय सिंह (विधान पार्षद), प्रो. सुहेली मेहता, अभिषेक झा, जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप, पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राधाचरण सेठ एवं युवा जदयू के अध्यक्ष श्याम पटेल मौजूद रहे।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने कहा कि जदयू ने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रदेश कमिटी में पहली बार 33 प्रतिशत से अधिक महिलाओं को जगह दी है। जदयू ऐसा करने वाली देश की पहली पार्टी है। उन्होंने कहा कि कमिटी में महिलाओं के साथ ही युवाओं को प्रमुखता दी गई है। पार्टी ने जहां अनुभव का सम्मान किया है, वहीं युवा चेहरों पर भी भरोसा जताया है। इसके साथ ही समाज के सभी तबके को सम्मान दिया गया है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि नई टीम का गठन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह की प्रेरणा से किया गया है। नई टीम में 29 उपाध्यक्ष, 60 महासचिव, 114 सचिव, 1 कोषाध्यक्ष एवं 7 प्रवक्ताओं को जगह दी गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण प्रदेश कमिटी की घोषणा में विलंब हुआ। अब कोरोना की संभावित तीसरी लहर को रोकने हेतु पार्टी के जागरुकता अभियान के लिए नई टीम समर्पित होकर काम करेगी।
उमेश कुशवाहा ने आगे कहा कि नई टीम पार्टी की मजबूती और संगठन के विस्तार के लिए नए जोश और जूनून के साथ काम करेगी और अपने नेता नीतीश कुमार के विचारों और आदर्शों पर चलते हुए जदयू आने वाले समय में एक बार फिर बिहार की नंबर वन पार्टी बनेगी।

About Post Author

You may have missed