खबरें फतुहा की : नल जल ठप, भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, चार लाख की इलेक्ट्रिक सामान चोरी, एजेंसी स्टाफ से एक लाख की लूट

बाइक सवार बदमाशों ने एजेंसी स्टाफ से लूटे एक लाख रुपए
फतुहा। पटना के नदी थाना क्षेत्र के गढोचक गांव के पास स्टेट हाइवे से पूरब बाइक सवार तीन बदमाशों ने एजेंसी स्टाफ से एक लाख रुपए लूट लिए तथा उसी बाइक से फरार हो गये। घटना से हतप्रभ बदहवास स्टाफ सम्मसपुर निवासी सन्नी कुमार अपने एजेंसी मालिक तथा पुलिस को सूचना दी। नदी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची लेकिन अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित सन्नी की माने तो वह सम्मसपुर के प्रकाश सिंह के हिन्दुस्तान लीवर एजेंसी का स्टाफ होने के नाते शुक्रवार को तगादे के लिए कच्ची दरगाह गया था। कच्ची दरगाह बाजार से तगादे की रकम लेकर आॅटो द्वारा लौट रहा था। जैसे ही सम्मसपुर के सामने आॅटो से उतरकर स्टेट हाइवे से नीचे उतरा, वैसे ही एक बाइक सड़क पर खड़ी हुई और दो लोग उसके पास आकर रुपए वाली बैग छीन लिया। पुलिस अब अपराधियों की सुराग निकालने में जुटी है।

डेढ़ माह से नल जल योजना की आपूर्ति ठप
दनियावां। पंचायत के निम्मी गांव के वार्ड संख्या छह में बीते डेढ़ माह से नल जल योजना की आपूर्ति ठप है। वार्ड सदस्य नेटु रविदास के मुताबिक मोटर में तकनीकी खराबी आ गयी है। कोष राशि की अभाव के कारण इसकी मरम्मत नहीं हो पायी है। इस कारण लोगों को पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामाना करना पड़ रहा है। पंचायत के मुखिया नवनीत कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारी को इस बात की सूचना दी गई है। जल्द ही मरम्मत करा दिया जाएगा।

भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकली


फतुहा। शुक्रवार की शाम कल्याणपुर स्थित राम जनक लाल ठाकुरबाड़ी से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली गयी। ठाकुरबाड़ी से रथयात्रा को निकालकर शहर के विभिन्न जगहों पर भ्रमण कराया गया। पूजारी सुबोधा नंद पांडेय ने बताया कि इस ठाकुरबाड़ी से करीब 80 वर्ष पहले से रथ यात्रा निकालने की परम्परा रही है। मौके पर हरिशंकर गुप्ता, संजय कुमार, राणा राजेन्द्र पासवान, गौरव गुप्ता, सुनीता पासवान, अरविंद पटवा समेत दर्जनों श्रद्धालु मौजूद थे।

शटर उखाड़कर चार लाख रुपए की इलेक्ट्रिक सामान चोरी
फतुहा। बीते रात्रि सोनारु धर्मकांटा के पास स्थित एक इलेक्ट्रिक दुकान का शटर उखाड़कर चोरों ने करीब चार लाख रुपए की इलेक्ट्रिक सामान चोरी कर ली। इस संदर्भ में दुकान मालिक सेवानिवृत्त विरेन्द्र कुमार ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित दुकान मालिक विरेन्द्र कुमार की माने तो बीते रात्रि दुकान बंद कर सोनारु स्थित घर चले गये थे। शुक्रवार को सुबह इस बात की जानकारी दुकान के आसपास के रहने वाले लोगों से मिली। दुकान पहुंचकर देखा तो दुकान का शटर नीचे से उखड़ा हुआ था तथा दुकान से काफी इलेक्ट्रिक सामान गायब थे। मिलान करने पर चोरों ने करीब चार लाख रुपए की इलेक्ट्रिक सामान चोरी कर ली है। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

About Post Author

You may have missed