खबरें फतुहा की : सती के याद में जुलुस यात्रा, आरोपी गिरफ्तार, युवक गिरफ्तार

सती के याद में निकाली गई भव्य जुलुस यात्रा
फतुहा। बसियौरा पर सती के याद में पुनाडीह पंचायत से एक भव्य जुलुस यात्रा निकाली गयी। बीते रविवार की रात में यह जुलुस पुनाडीह गांव से निकाली गयी। सोमवार को दूसरे दिन विभिन्न गांव का भ्रमण करते हुए यह यात्रा गाजे-बाजे के साथ कच्ची दरगाह होकर सबलपुर स्थित सती घाट पहुंची तथा सती यात्रा का धूमधाम से समापन किया गया। इस मौके पर हजारों श्रद्धालुओं ने गुलाल उड़ाकर जूलूस की सफलता पर हर्ष जताया तथा माता सती को याद किया। पालकी पर सती की झांकी थी, जिसे सात कहार मिलकर रात भर विभिन्न गांव में भ्रमण कराते रहे। जुलुस में बाहर से आए कलाकार रात भर भ्रमण के दौरान गायन व नृत्य करते रहे। जुलुस को हर जगह पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया तथा शामिल श्रद्धालुओं को शर्बत व पानी देकर स्वागत किया गया।
श्रद्धालुओं की माने तो हजारों वर्ष पहले एक लाला परिवार की बहु पति के देहांत के बाद सती हो गयी थी। उसी सती के याद में इस तरह का आयोजन होता रहा है। मान्यता है कि जिस वर्ष सती का जुलूस नहीं निकाला जाता है तो इलाके में महामारी का प्रकोप हो जाता है। सती जुलूस के लिए महीनों से तैयारी की जाती है। जुलूस में इस इलाके के मुखिया मनोज यादव, किशोर लहेरी ,जेठुली मुखिया प्रतिनिधि बच्चा यादव, कच्ची दरगाह के अशोक यादव, शंभु यादव समेत कई लोग मौजूद थे।

फरार आरोपी गिरफ्तार
फतुहा। पुलिस ने रंगदारी के मामले में एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी नोहटा निवासी नवल गोप है। जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उसके विरुद्ध थाने में कांड संख्या 909/20 का मामला दर्ज है।

पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार
फतुहा। नदी थाना पुलिस ने कच्ची दरगाह स्थित पीपा पुल के पास से सोमवार की सुबह पिस्टल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक राघोपुर थाना क्षेत्र के सैदाबाद निवासी स्व. प्रभात कुमार दास का पुत्र पियूष कुमार है। इस बात की जानकारी देते हुए नदी थाना एसएचओ धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि पुलिस पीपा पुल के पास गश्ती कर रही थी, तभी गिरफ्तार युवक अपने हाथ में लिए हुए झोला को गंगा में फेंकने लगा। इसी दरम्यान पुलिस ने उसे पकड़ लिया तथा झोले की तलाशी लिए जाने पर झोला से बिना गोली वाला एक पिस्टल बरामद किया गया। उनके अनुसार गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है।

About Post Author

You may have missed