September 21, 2026

नए मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद पटना पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, कहा-कोई जिम्मेदारी बड़ी या छोटी नहीं होती

पटना । केंद्रीय ग्रामीण विकास व पंचायतीराज मंत्री गिरिराज सिंह शनिवार को बिहार पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर बेगूसराय से सांसद गिरिराज मीडिया के सवालों से बचते नजर आए। बस केवल इतना कहा कि जनता काम देखती है। एयरपोर्ट से सीधे बेगूसराय के लिए रवाना ही गए ।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से जब कामन सिविल कोड को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बोलने से परहेज किया। गिरिराज सिंह ने केवल इतना कहा कि सरकार अपना काम करेगी।

यह पूछे जाने पर कि तेजस्वी यादव विपक्षी एकजुटता की बात कर रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि अब एकजुटता की नहीं, काम की जरूरत है।

बकौल गिरिराज सिंह, लोग केवल काम चाहते हैं और जो काम करेगा वही सरकार में रहेगा। केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की बात पर गिरिराज सिंह ने कहा कि कोई भी जिम्मेदारी बड़ी या छोटी नहीं होती है।

पहले भी जिम्मेदारी मिली थी उसको निभाया और अब जो जिम्मेदारी मिली है उसको भी आगे निभाऊंगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसा को पूरा करने का दावा किया।

बिहार में बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह को पहले डेयरी, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी। अब कैबिनेट में विस्तार के बाद अब ग्रामीण विकास और पंचायतीराज मंत्री बनाया गया है। नए मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद वह पहली बार पटना पहुंचे थे।

You may have missed