बिहार में न्यूनतम मजदूरी की राशि 18 रुपए तक बढ़ी, नई दरें कल से होगी लागू

पटना। बिहार के 2 करोड़ से अधिक मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि हो गई है। दैनिक मजदूरी में 12 से 18 रुपए रोजाना की वृद्धि की गई है। बढ़ी हुई दर एक अप्रैल से लागू होगी। श्रम संसाधन विभाग ने परिवर्तनशील महंगाई भत्ते में वृद्धि के आधार पर नई दर तय करते हुए अधिसूचना जारी कर दी है। सामान्य नियोजनों में कार्यरत अकुशल व अर्धकुशल मजदूरों की 12 रुपए, कुशल की 15 रुपए तो अतिकुशल मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी में रोजना 15 रुपए की वृद्धि की गई है। जबकि पर्यवेक्षीय एवं लिपिकीय कामगारों को 340 रुपए महीने अधिक वृद्धि का लाभ मिलेगा। वही, अगर किसी ने न्यूनतम मजदूरी दर नहीं दी तो उन्हें एक साल की सजा और 3 हजार तक का जुर्माना दोनों देना होगा। ऐसा नहीं होने पर सक्षम न्यायालय में खुद या प्रखंड के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के माध्यम से मजदूर न्यूनतम मजदूरी के लिए दावापत्र दायर कर सकते हैं।

अभी मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी ने और वृद्धि की संभावना

पिछले दिनों हुई बिहार न्यूनतम मजदूरी परामर्शदात्री पर्षद की बैठक में 15 फीसदी अतिरिक्त परिवर्तनशील महंगाई भत्ते में वृद्धि का प्रस्ताव पारित हुआ है। अब विभाग इस आधार पर मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी तय करेगा। इसके लिए जल्द ही लोगों से दावा व आपत्ति मांगा जाएगा। अगर सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले तीन-चार महीने में मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी 360 रुपए से अधिक हो जाएगी जो अभी 318 रुपए ही है।

About Post Author

You may have missed