महागठबंधन में टूट : मांझी ने बोला टा-टा-बॉय-बॉय, एनडीए में एक-दो दिन होंगे शामिल

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में टूट हो गया। जीतन राम मांझी की पार्टी ने महागठबंधन को टा-टा-बॉय-बॉय कह दिया है। हम के महागठबंधन से खुद को अलग किए जाने के बाद अब महागठबंधन में चार दल राजद, कांग्रेस, रालोसपा और वीआईपी रह गए हैं। गुरुवार को हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की हुई कोर कमिटी की बैठक में अलग होने का निर्णय लिया गया है। चर्चा है कि महागठबंधन से अलग होने के बाद पार्टी सुप्रीमो जीतन राम मांझी फिर से जदयू में शामिल हो सकते हैं। हालांकि इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
कोर कमिटी की बैठक के बाद हम प्रवक्ता दानिश रिजवान ने पत्रकारों को महागठबंधन से अलग होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में निरंतर उपेक्षा और समन्वय समिति की गठन करने की बात नहीं माने जाने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी और कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया है। दानिश ने बताया कि किसी अन्य गठबंधन में जाने के संबंध में अगले दो-तीन दिनों में निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल अभी यह तय नहीं किया गया है कि आखिर मांझी जाएंगे कहां। वहीं चर्चा है कि मांझी फिर से एनडीए में घर वापसी कर सकते हैं। उनकी जदयू के नेताओं से इस मामले में बातचीत भी हो चुकी है।
बताते चले महागठबंधन से अलग होने के बाद मांझी की पार्टी का जदयू में विलय होने की चर्चा थी, लेकिन यह स्पष्ट हो चुका है कि जदयू के साथ पार्टी का विलय नहीं होगा। पार्टी को समाप्त नहीं किया जाएगा। वैसे 16 विधानसभा सीटों पर पार्टी ने पूरी तैयारी रखी है। बताया जा रहा है कि गठबंधन होता है तो पार्टी जदयू से इतनी ही सीटों की डिमांड करेगी।

About Post Author

You may have missed