उपेंद्र कुशवाहा पटना लौटे, कहा- CM नीतीश के प्रति जनता का विश्वास बरकरार, आमलोग अधिकारियों से नाराज

पटना। बिहार यात्रा पर निकले जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा शुक्रवार को पटना लौट आए हैं। पत्रकारों कहा कि लोगों का विश्वास अब भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बरकरार है, लेकिन अधिकारियों के प्रति बहुत आक्रोश है। इसे जल्दी ठीक कर लिया जाएगा।
10 जुलाई को लोगों के मन मिजाज को भांपने निकले उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि 4 जिलों की यात्रा में पार्टी नेताओं का भरपूर सहयोग मिला। जिलों में संगठन के लोग हर जगह हैं, लेकिन उनमें सुस्ती है। कोरोना और अन्य मसलों के कारण पार्टी के नेताओं में सक्रियता की कमी दिखी, जिसे जल्द ठीक किया जाएगा।
श्री कुशवाहा ने कहा कि सीएम नीतीश के प्रति लोगों के मन में विश्वास है, लेकिन स्थानीय स्तर पर लोगों में अधिकारियों के प्रति बड़ी नाराजगी है। कई जगहों पर लोगों ने स्थानीय अधिकारियों की शिकायत की। लोगों की शिकायतों को दूर करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई मैकेनिज्म ऐसा बनाया जाए, जिससे ग्रामीण इलाकों में भी पार्टी के नेताओं की भूमिका सुनिश्चित हो। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने कई तरह की राय दी है। इस पर पार्टी काम करेगी।
यात्रा के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह की तस्वीर नहीं होने के सवाल पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यात्रा में किसी की तस्वीर लगाने का कोई मतलब नहीं था। पार्टी की ओर से या मेरी तरफ से कहीं भी पोस्टर नहीं लगाया गया है। वहीं जदयू की 18 जुलाई की बैठक में शामिल होने के सवाल पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बैठक में शामिल होने का आमंत्रण मिला है, लेकिन उसी दिन मेरी यात्रा औरंगाबाद में है। दोनों में से कहीं एक जगह ही रह सकता हूं।

About Post Author

You may have missed