February 16, 2026

JDU संगठन को दी जाएगी नई धार, ऊजार्वान साथियों को किया जाएगा आगे : RCP

पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने शुक्रवार को जदयू मुख्यालय में पार्टी संगठन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक दो पालियों में छह घंटे तक चली। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, पूर्व विधानपार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, ललन सर्राफ, राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह, महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य, अनिल कुमार, चंदन कुमार सिंह, कामाख्या नारायण सिंह, परमहंस, अरुण कुमार सिंह, डॉ. अमरदीप, सुनील कुमार, डॉ. विपिन कुमार यादव, अशोक कुमार बादल, पंचम श्रीवास्तव एवं आसिफ कमाल शामिल रहे।
बैठक के दौरान श्री सिंह ने स्पष्ट तौर पर कहा कि बूथ से प्रदेश तक जिन साथियों ने समर्पित भाव से काम किया है, उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके साथ ही चुनाव के दौरान जिनकी सक्रियता नहीं दिखी या फिर जिन लोगों ने दल या गठबंधन के विरुद्ध कार्य किया, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। श्री सिंह ने कहा कि जदयू के संगठन को विस्तार देने के साथ ही नई धार दी जाएगी। इसके लिए ऊजार्वान साथियों को आगे किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बैठक के दौरान बारी-बारी से सभी जिलों पर गहन चर्चा की। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही संगठन नए स्वरूप और नए तेवर में दिखेगा और जदयू पहले से अधिक ताकतवर होकर सामने आएगा। उन्होंने हर स्तर पर संगठन के लिए कार्यक्रमों की फेहरिस्त तैयार करने का निर्देश भी दिया।
ध्यातव्य है कि विधानसभा चुनाव के बाद जिला, प्रखंड, पंचायत एवं बूथ स्तर पर कई दौर की समीक्षा हुई। सभी क्षेत्रीय प्रभारियों को इसके लिए विशेष दायित्व दिया गया था। सभी जिलों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आरसीपी सिंह को सौंपी गई। आज की बैठक उसी आलोक में थी।

You may have missed