November 11, 2026

मंत्रिमंडल विस्तार बना एनडीए सरकार के गले की फांस, JDU विधायक ने कहा- मंत्री पद नहीं मिलने पर आश्चर्यचकित हूं

पटना। एनडीए सरकार के गठन के बाद नीतीश मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा जोरों पर थी। मंगलवार को हुए नीतीश मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद चर्चाओं पर विराम तो लग गया लेकिन अब जदयू और भाजपा में बवंडर खड़ा हो गया है। दोनों पार्टियों में बगावत के सुर उठने लगे हैं। मंत्री पद की शपथ ग्रहण समारोह से ठीक पहले बाढ़ विधानसभा के भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने नए मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सवाल खड़ा करते हुए कहा था कि नीतीश कैबिनेट में कम अनुभवी लोगों को शामिल किया गया है। उन्होंने पार्टी पर भी आरोप लगाया था कि कुछ चुनिंदा नेता बिहार में पार्टी को चला रहे हैं और यहां आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसा हाल हो जाएगा। ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू द्वारा नीतीश मंत्रिमंडल पर सवाल उठाए जाने के बाद अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू से भी बगावत के सुर उठने शुरू हो गए हैं।
भागलपुर के गोपालपुर विधानसभा से लगातार चौथी बार विधायक बने नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ़ गोपाल मंडल ने कहा है कि वह सीएम नीतीश कुमार के करीबी हैं और पूरे बिहार में जाति के सबसे मजबूत नेता हैं लेकिन मंत्री पद नहीं मिलने पर आश्चर्यचकित हूं। गोपाल मंडल ने कहा कि वह एक सप्ताह से पटना में ही कैंप किए हुए हैं। शीघ्र ही जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर मंत्री पद देने का आग्रह करेंगे या किसान प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाने का अनुरोध करेंगे, ताकि पूरे बिहार में नेता के रूप में काम कर सकें। गोपाल मंडल ने कहा कि पूरे बिहार में जाति के सबसे मजबूत नेता हैं, उनकी दावेदारी अन्य विधायकों से ज्यादा मजबूत है। मैं मंत्री बनने को लेकर आश्वस्त था लेकिन अंतिम समय में नाम कैसे हटा दिया गया, यह समझ में नहीं आ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने पहली बार विधानसभा पहुंचने वाले विधायकों को मंत्री बनाने पर तंज कसते हुए कहा कि जो पहली बार विधानसभा पहुंचकर कम उम्र वाले नेता मंत्री बन रहे हैं तो उन्हें भी मौका मिलना चाहिए था। अभी भी 6 मंत्रालय बाकी है जिसमें मंत्री बनाने को लेकर एक बार आलाकमान को मंथन करना चाहिए।
गौरतलब है कि नीतीश मंत्रिमंडल में कुल 31 मंत्रियों के कंधे पर कैबिनेट की जिम्मेवारी है। पहले 14 मंत्रियों ने शपथ ली थी और बीते मंगलवार को 17 मंत्रियों ने शपथ ली। जिसमें जदयू के 8 और भाजपा के 9 विधायक शामिल हैं।

You may have missed