August 25, 2026

पप्पू यादव की रिहाई के लिए JAAP कार्यकर्ताओं ने निकाला मौन मार्च, कहा- सरकार सब्र का और इम्तिहान न ले

पटना। जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की अविलंब रिहाई के लिए सोमवार को जाप कार्यकर्ताओं ने राजधानी के स्थानीय विद्यापति भवन से इनकम टैक्स चौराहा के जय प्रकाश नारायण की मूर्ति तक मौन मार्च निकाला। हाथों में रिहाई की तख्ती लिए, मुंह पर काली पट्टी बांधे जेपी मूर्ति के पास पूरी शांति से मौन मार्च समाप्त हो गया। यहां पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह कुशवाहा ने लोकनायक से अपने नालायक शिष्य को सद्बुद्धि देने की गुहार लगाई ताकि बिहार के क्रांतिनायक को जेल से मुक्ति मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि हमारे नेता की रिहाई नहीं होगी तो आगामी 5 जून को सम्पूर्ण क्रांति दिवस के अवसर पर सड़क पर बैठकर एक दिवसीय सम्पूर्ण उपवास का कार्यक्रम करेंगे। वहीं प्रवक्ता प्रेमचंद सिंह ने कहा कि राज्य सरकार हमलोगों के सब्र का और इम्तिहान न लें। अब हमलोगों का धैर्य जवाब दे रहा है। आगे हमारे साथी अब कोई उग्र कदम उठाने पर मजबूर हो जाएंगे तो इसकी पूरी जिम्मेवारी राज्य सरकार की होगी।
इस मार्च में महिला परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष रानी चौबे, अरुण कुमार सिंह, नवल किशोर यादव, आनंद कुमार सिंह, शान परवेज, वरुण सिंह, सुप्रिया खमका, सच्चिदानंद यादव, दिलीप कुमार आदि उपस्थित थे।

You may have missed