August 12, 2026

भोजपुर में संदिग्ध स्थिति में फायर ब्रिगेड दरोगा की मौत, ड्यूटी पर खराब हुई थी तबीयत

भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र के बहिरो गांव में मंगलवार देर रात संदेहास्पद स्थिति में फायर ब्रिगेड पुलिस के एक दरोगा की मौत हो गई। ऑन ड्यूटी तबीयत खराब होने पर घर लाया गया। इसके बाद डॉक्टर को दिखाने ले जाने वक्त उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। जानकारी के अनुसार मृतक शाहपुर थाना क्षेत्र के होरिल छपरा गांव निवासी स्व.महाजन पासवान के बेटे रामेश्वर पासवान है। वह वर्तमान में नवादा थाना क्षेत्र के बहिरो गांव में अपना मकान बनाकर रहते थे। रामेश्वर पासवान फायर ब्रिगेड में दरोगा के पद पर थे। वर्तमान में पटना जिला के पटना सिटी में कार्यरत थे। इधर, मृतक के बेटे शैलेंद्र कुमार ने बताया कि करीब साढ़े 3 साल पहले उन्हें पैरालिसिस (लकवा) मार दिया था। इसके कारण वह बीमार चल रहे थे। उनका इलाज भी चल रहा था। वह घर पर ही थे। तभी उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई, इससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, परिजन अपनी संतुष्टि को लेकर उन्हें आरा सदर अस्पताल लेकर आए थे। जहां चिकित्सक ने देख उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन द्वारा इसकी सूचना सदर अस्पताल में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी को दी। सूचना पाकर पुलिस सदर अस्पताल पहुंचे और शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी आशा देवी और 4 बेटे मुन्ना पासवान, मुकेश पासवान, शैलेंद्र पासवान, मन्नू पासवान और 1 बेटी सरिता देवी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद मृतक की पत्नी आशा देवी और परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

You may have missed