पटना में 20 से 23 अक्टूबर तक आयोजित होगी इंडिया स्किल्स क्षेत्रीय प्रतियोगिता (पूर्व)

* चार दिवसीय प्रतियोगिता में 8 राज्यों के 244 प्रतिभागी लेंगे भाग
* प्रतियोगिता की मेजबानी करना पटना के लिए वाकई गर्व की बात : वंदना किनी


पटना। इंडिया स्किल्स क्षेत्रीय प्रतियोगिता-2021 (पूर्व) 20 से 23 अक्टूबर तक राजधानी पटना में आयोजित की जाएगी, जिसमें 8 राज्यों बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार, मिजोरम, असम और त्रिपुरा के 244 प्रतिभागी शामिल होंगे। इसमें बिहार से 42 प्रतिभागी चयनित किए गए हैं। उक्त घोषणा सोमवार को होटल चाणक्य में एक प्री-इवेंट प्रेस कॉन्फें्रस में बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुश्री वंदना किनी ने की।
उपमुख्यमंत्री होंगी उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि
उन्होंने बताया कि इंडिया स्किल्स 2021 क्षेत्रीय प्रतियोगिता-पूर्व का उद्घाटन समारोह 20 अक्टूबर को ज्ञान भवन, गांधी मैदान में होगा और समारोह में बिहार की उपमुख्यमंत्री रेणु देवी मुख्य अतिथि होंगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को 23 अक्टूबर को बापू सभागार में आयोजित होने वाले समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक कौशल में विजेता को स्वर्ण पदक के साथ 21,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि प्रथम उपविजेता को 11,000 रुपये और रजत पदक दिया जाएगा।


प्रतियोगिता की मेजबानी पटना के लिए गर्व की बात
उन्होंने कहा कि इंडिया स्किल्स को देश में कौशल के उच्चतम मानकों को प्रदर्शित करने और युवाओं के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण को आकांक्षी बनाने के लिए डिजाइन किया गया है। इस प्रतियोगिता की मेजबानी करना पटना के लिए वाकई गर्व की बात है। मुझे विश्वास है कि हम कुशल और प्रतिभाशाली युवाओं के प्रोफाइल को ऊपर उठाने में मदद करेंगे। मुझे उम्मीद है कि इन पहलों से एक कुशल कार्यबल और एक आत्मनिर्भर भारत का निर्माण होगा। प्रतियोगिता का आयोजन 11 भागीदार संस्थानों में किया जाएगा, जो विशिष्ट कौशल में विशेषज्ञ हैं।
वर्ल्ड स्किल्स शंघाई के लिए प्रशिक्षण लेंगे
इस दौरान राष्ट्रीय कौशल विकास निगम और वर्ल्ड स्किल्स इंडिया के सीनियर हेड जयकांत सिंह ने संगठन का प्रतिनिधित्व करते हुए कहा कि इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता से बिहार के युवाओं को विभिन्न व्यावसायिक करियर में अनुभव प्राप्त करने के लिए मूल्यवान अवसर मिलेगा। अगस्त-सितंबर में जिला और राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से क्षेत्रीय प्रतिभागियों का चयन किया गया है। पटना (पूर्व और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए) के अलावा गांधीनगर (पश्चिम), चंडीगढ़ (उत्तर), और विशाखापत्तनम (दक्षिण) में क्षेत्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसके बाद दिसंबर 2021 में बेंगलुरु, कर्नाटक में इंडिया स्किल्स राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। अगले साल अक्टूबर 2022 में वर्ल्ड स्किल्स शंघाई में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रशिक्षण लेंगे।
ये
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में इंडिया स्किल्स एक्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्य (पूर्वी) भी मौजूद थे, जिनमें पीके सिन्हा, सीईओ- एस्ट्रिक सॉल्यूशन प्रा. लि., आदित्य कुमार सिन्हा, निदेशक- सीडैक, आलोक त्रिपाठी, प्रभारी निदेशक- नाईलेट, चंद्रशेखर सिंह, प्राचार्य- न्यू गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, पाटलिपुत्र, संजय श्रीवास्तव, निदेशक- निफ्ट, डीके सिंह, सलाहकार- टीआरटीसी, एमएसएमई और बहादुर अशफाक अहमद, क्षेत्रीय निदेशक- आरडीएसडीई शामिल हैं।

About Post Author

You may have missed