पटना में हीटवेव को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट; 24 जिलों में भीषण गर्मी, लोग बेहाल

पटना। बिहार अभी से भीषण गर्मी की चपेट में है। बक्सर समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। बक्सर में तापमान 42 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के 24 जिलों में आज भी हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, पटना समेत कई जिलों में 10 अप्रैल से लू चलने की संभावना है। वहीं, 25 से 30 किमी की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। इस वजह से अगले दो दिन में तापमान बढ़ने के पूरे आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी हवा का प्रवाह जारी है। जिस वजह से तापमान लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में 7 और 8 अप्रैल को हल्की बारिश की संभावना बन रही है। बादल छाए रहने के आसार हैं। इससे उन जिलों में तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। इधर, बढ़ती गर्मी को देखते हुए आपदा प्रबंधन ने सभी जिलों के डीएम से स्कूलों की टाइमिंग बदलने या समय से पहले स्कूलों में गर्मी छुट्टी घोषित करने का निर्देश दिए हैं। इसे लेकर आपदा प्रबंधन ने शिक्षा विभाग को भी लेटर जारी किया है। पटना में आज मौसम पूरे दिन सामान्य बना रहेगा। तेज धूप के साथ-साथ गर्म हवा भी चलेगी। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी हवा चलने के कारण दिन में सड़कों पर लोगों को लू चलने का एहसास हो रहा था।
हिट वेव को लेकर प्रशासन अलर्ट
हिट वेव को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। नगर विकास विभाग को शहरी क्षेत्र में सार्वजनिक पीने के लिए पानी की व्यवस्था करने के निर्देश के साथ आश्रय स्थलों में पानी और स्लम के लोगों के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता करने को कहा गया है। जबकि स्वास्थ्य विभाग के सभी अस्पतालों में लू से प्रभावित लोगों के इलाज की व्यवस्था का निर्देश दिए गए हैं। सभी अस्पताल में ओआरएस पैकेट, जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता करने के लिए कहा गया है।

About Post Author

You may have missed