राहुल पर मोदी का हमला, कहा- कांग्रेस के युवराज ने अमेठी छोड़ी, अब वायनाड भी छोड़ना होगा

नांदेड़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में शनिवार को चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस के शहजादे को भी वायनाड में संकट दिख रहा है। शहजादे और उनकी टोली 26 अप्रैल को वायनाड में वोटिंग का इंतजार कर रही है। जैसे ही वहां 26 अप्रैल को वहां वोटिंग पूरी हो जाएगी। ये शहजादे के लिए एक और सुरक्षित सीट घोषित कर देंगे। जैसे इन्हें अमेठी छोड़ना पड़ा मान कर चलिए वे अब वायनाड भी छोड़ेंगे।’
चुनाव का लक्ष्य है भारत को विकसित बनाना
परभणी में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘2024 का चुनाव केवल सरकार बनाने के लिए नहीं हो रहा है। इस चुनाव का लक्ष्य है भारत को विकसित बनाना, भारत को आत्मनिर्भर बनाना। इसलिए 2024 के चुनाव के मुद्दे सामान्य मुद्दे नहीं हैं, हर मुद्दा महत्वपूर्ण है, हर कदम महत्वपूर्ण है, हर संकल्प महत्वपूर्ण है।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ये परिवार आजादी के बाद पहली बार खुद कांग्रेस को ही वोट नहीं देगा। क्योंकि जहां वो रहते हैं, वहां कांग्रेस का उम्मीदवार ही नहीं है। जिस परिवार के भरोसे कांग्रेस चलती है, वो परिवार खुद कांग्रेस को वोट नहीं दे पाएगा।
‘जनऔषधि केंद्रों से सभी को 80% छूट पर दवाएं मिल रहीं’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा, ‘आज परभणी के 12 लाख से ज्यादा गरीबों को बिना भेदभाव मुफ्त राशन मिल रहा है, ताकि उनके घर का चूल्हा जलता रहे और ये सुविधा आने वाले 5 वर्षों में भी जारी रहेगी। आज परभणी में 17 जनऔषधि केंद्रों से सभी को 80% छूट पर दवाएं मिल रही हैं। यहां बिना भेदभाव सवा लाख से ज्यादा महिलाओं को उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिया गया है।’
‘ये तो मोदी है घर में घुस कर मारता है’
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में जब मैं पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहा था उस समय चुनाव में क्या बातें होती थी? अखबार किन बातों से छाए रहते थे? टीवी पर किन बातों की चर्चा होती थी? तब बात आतंकी हमलों के डर की होती थी। आए दिन बम धमाकों की खबरें और हमारे वीर जवानों की शहादत की पीड़ा यही छाया रहता था। उन्होंने कहा, ‘5 साल बाद 2019 में सीमापार से होने वाले हमलों की चर्चा बंद हो गई और सर्जिकल स्ट्राइक और ये तो मोदी है घर में घुस कर मारता है की चर्चा होने लगी।’
एनडीए सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर काम करती
नांदेड़ के बाद मोदी ने परभणी भी जनसभा की। यहां उन्होंने कहा, ‘2014 में जब मैं पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहा था, तब आतंकी हमलों के डर, आए दिन बम धमाके की खबरें छाई रहती थीं। 5 साल बाद 2019 में सीमा पार से होने वाले हमलों की चर्चा बंद हो गई और सर्जिकल स्ट्राइक की चर्चा होने लगी। ये तो मोदी है, घर में घुसकर मारता है। हर जगह यही चर्चा होने लगी।’ मोदी ने आगे कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक की बात सुनकर शौर्य की ये धरती महाराष्ट्र भी गर्व से भर गई थी। हिंदुस्तान के हर नागरिक को इस पर गर्व हुआ था। एनडीए सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर काम करती है। हमारी सरकार हर जाति, पंथ के लिए काम करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र के बाद कर्नाटक के चिकबल्लापुर और बेंगलुरु में चुनावी रैलियां करेंगे।
इंडी गठबंधन वाले 4 जून के बाद एक-दूसरे के कपड़े फाड़ेंगे
पीएम ने कहा कि 4 जून के बाद इंडी गठबंधन एक-दूसरे के कपड़े फाड़ेगा। एक दूसरे के बाल नोंचने वाले हैं। आप बताईए कोई भी समझदार नागरिक इनके लिए वोट करेगा क्या? मैं मतदाताओं को कहता हूं कि आइए जी-भरकर एनडीए को वोट दीजिए। एनडीए को वोट करना है।
कांग्रेस गरीब, दलित, वंचित, मजदूर किसान के विकास में हमेशा दीवार बनी
आज भी एनडीए सरकार गरीब के लिए कोई काम करती है तो कांग्रेस उसका मजाक उड़ाती है। कांग्रेस गरीब, दलित, वंचित, मजदूर किसान के विकास के सामने हमेशा दीवार बनकर खड़ी है। आजादी के 6 दशक बाद हमने करोड़ों गरीब महिलाओं को शौचालय देने का अभियान छेड़ दिया। तब कांग्रेस और इंडी अघाड़ी वाले लोग मजाक उड़ाते थे।
विदर्भ में कांग्रेस के रवैए से किसान कमजोर हुए
पीएम ने नांदेड़ में इंडी गठबंधन को लेकर यह भी कहा कि आपकी समस्याओं का ये कभी समाधान कर सकते हैं क्या? कांग्रेस ने दशकों तक महाराष्ट्र और विदर्भ-मराठवाड़ के आसपास दम घोंटने वाला काम किया है। इस क्षेत्र में सूखे की स्थिति पानी का संकट एक दिन में नहीं पैदा हुआ है। कांग्रेस के रवैए के चलते किसान कमजोर होते गए। लाखों युवाओं को पलायन करना पड़ा।
हमने विदर्भ के श्रीअन्न को दुनिया में पहचान दिलाई
अब 80 फीसदी से ज्यादा घरों में नल से जल आने लगा है। अपर गंगा प्रोजेक्ट चल रहा है। किसानों को प्रीमियम से 5 गुना ज्यादा क्लेम फसल बीमा के तहत दिलाया। नांदेड़ के किसानों को 1300 करोड़ से ज्यादा किसान सम्मान निधि से मिले। हमारी सरकार ने मोटे अनाज को पहचान दी, श्री अन्न कहा। ये यहां बहुत पैदा होते हैं। ये दुनियाभर में सुपरफूड बोला जा रहा है।
मोदी की गारंटी कांग्रेस के दिए जख्मों का इलाज करना है
कांग्रेस के दिए हर जख्म का इलाज करना ये मोदी की गारंटी है। इस क्षेत्र को शक्तिपीठ एक्सप्रेस वे और समृद्धि महामार्ग जैसी वर्ल्ड क्लास रोड मिली है। उड़ान योजना के तहत नांदेड़ एयरपोर्ट को फिर से शुरू किया गया। पीएम आवास के तहत हजारों को गरीबों को पक्के आवास मिले हैं।
अगले 5 साल में मराठवाड़ा-महाराष्ट्र को बहुत आगे ले जाएंगे
ये तो अभी ट्रेलर है। अभी हमारा बहुत समय कांग्रेस के गड्ढों को भरने में गया है। अगले 5 साल में हमें मराठावाड़ और महाराष्ट्र को बहुत आगे ले जाना है। नांदेड़ की यह धरती सिख गुरुओं के चरणों से पवित्र हुई। गुरुगोविंदजी की सीख हमेशा हमारी सरकार के लिए प्रेरणा रही है।

About Post Author

You may have missed