मधेपुरा में बारात आगमन के दौरान दुल्हन पक्ष के लोगों ने की फायरिंग, दूल्हे के भाई की गोली लगने से मौत व साला घायल

मधेपुरा। जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के शेखपुर चमन गांव में शुक्रवार की रात लड़की पक्ष की तरफ से की गई हर्ष फायरिंग में लड़के के भाई की गोली लगने से मौत हो गई है। जबकि साला घायल हो गया, उसका इलाज अभी चल रहा है।

घटना के बाद से गांव में स्थिति तनावपूर्ण है। उदाकिशुनगंज पुलिस घटनास्थल पर छनबीन कर रही है। शेखपुर चमन गांव के राजकिशोर यादव की बेटी खुशबू की शादी खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के कैंजरी गांव के मकेश्वर यादव के छोटे बेटे रणवीर कुमार से 21 मई को होने वाली थी। मृतक के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात लगभग साढ़े 11 बजे बारात वहां पहुंची। इसी दौरान जब बारात विवाह स्थल पर जा रही थी तो लड़की पक्ष की ओर से राइफल से हर्ष फायरिंग होने लगी। इसमें दूल्हे के मंझले भाई राजेश की छाती को भेदती हुई उसके साला को जा लगी। आननफानन में दोनों घायलों को सहरसा ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही राजेश यादव की मौत हो गई, जबकि उसके साला का इलाज सूर्या अस्पताल में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि प्रशासन की बिना अनुमति के राज किशोर यादव की लड़की का शादी का समारोह चल रहा था। घटना के बाद घायलों को लेकर बाराती पक्ष के लोग अस्पताल की ओर चल दिए तो लड़की वालों ने दूल्हे को जबरन रोक लिया और दुल्हन से शादी करवा दी। सुबह होते ही दूल्हा भी दुल्हन को घर में ही छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस शनिवार के करीब 9 बजे घटनास्थल पर पहुंची। लोगों का कहना है कि जब शादी समारोह की सूचना शादी के तीन दिन पहले थाने में दी जानी है और प्रशासन की देखरेख में शादी समारोह में केवल 20 लोगों की उपस्थिति की अनुमति है तो बिना प्रशासनिक अनुमति के इतना बड़ा आयोजन कैसे किया गया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल है। लोग दहशत में हैं, कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं हैं।

कुछ लोगों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि जैसे ही बारात दरवाजे तक पहुंची, शराब के नशे में धुत लोगों ने राइफल से ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली टेंट मालिक को छूते हुए दूल्हे के भाई को जा गोली लगी और वही गोली उसके शरीर से आरपार होकर दूल्हे के भाई के साले को लगी, जिसमें घटनास्थल पर ही दूल्हे के भाई की मौत हो गई। थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पूछताछ की जा रही है। पर कोई भी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। शादी की सूचना भी थाने में नहीं दी गई थी। थानाध्यक्ष के साथ उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ सतीश कुमार भी घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे हैं।

 

About Post Author

You may have missed