पटना में नगर निगम ने फिर हटाया ग्रेजुएट चाय वाली का स्टॉल, लाइव आकर प्रियंका बोली- ये सब बिजनेस बंद कर अब घर लौटूंगी

पटना। राजधानी पटना के बोरिंग रोड में ग्रेजुएट चाय वाली (प्रियंका गुप्ता) का स्टॉल नगर निगम ने फिर से हटा दिया है। इसके बाद प्रियंका ने रोते-रोते सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया है। वीडियो में वो कह रही है कि ये बिहार है, यहां लड़कियों की औकात किचन तक होती है। मैं अपनी औकात भूल गई थी। शादी और चूल्हा-चौका ही करना चाहिए था। बिजनेस मेरे लिए नहीं है। मैं अब अपनी सभी फ्रेंचाइजी बंद कर रही हूं। सभी के पैसे लौटा दूंगी। अब घर लौट रही हूं। शुक्रिया बिहार, शुक्रिया सिस्टम, शुक्रिया नगर निगम। पटना वीमेंस कॉलेज के पास ‘ग्रेजुएट चाय वाली’ के नाम से प्रियंका गुप्ता स्टॉल लगाकर लोगों के बीच मशहूर हुईं। कुछ दिनों बाद वहां से स्टॉल शिफ्ट कर बोरिंग रोड में लगाने लगीं। सड़क के किनारे अवैध तरीके से स्टॉल लगाने पर पटना नगर निगम ने स्टॉल जब्त कर के पाटलीपुत्र अंचल कार्यालय में रखा है।
नगर निगम ने फिर हटाया ग्रेजुएट चाय वाली का स्टॉल
ग्रेजुएट चाय वाली के स्टॉल के साथ ही वहां आसपास के सभी अवैध दुकान और दफ्तरों के पार्किंग को भी हटा दिया गया। ग्रेजुएट चाय वाली के स्टॉल को इसके पहले भी नगर निगम द्वारा हटाया गया था। जिसके बाद लालू यादव से मिलकर उसने अपने स्टॉल को वापस लगाया था। वहीं एक बार फिर नगर निगम की कार्रवाई में पटना के बोरिंग रोड के सभी अतिक्रमण के साथ ग्रेजुएट चाय वाली के स्टॉल को भी हटा दिया गया है। जिसके बाद प्रियंका ने रोते हुए कहा की आप सब तो मुझे जानते ही होंगे ग्रेजुएट चाय वाली, सो कॉल्ड ग्रेजुएट चाय वाली। हद भूल गए थे हम अपनी। मुझे लगा था कि हम बिहार में कुछ अलग कर रहे थे। अभी तो आप लोग सपोर्ट कर रहे थे न लेकिन हम अपनी हद भूल गए थे कि ये बिहार है, बिहार। यहां लड़कियों की औकात इतनी होती है कि बस वो लोग किचन तक सीमित रहे, होना भी चाहिए, लड़कियों को आगे बढ़ने का कोई हक नहीं होता है। यहां पटना में बहुत सारा ठेला लगता है। पटना में अवैध तरीके से बहुत काम होता है। शराब बेची जाती है, लेकिन वहां सिस्टम एक्टिव नहीं होता है। कोई लड़की अपना व्यवसाय कर रही है तो उसको बार बार परेशान किया जाता है। प्रियंका ने वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है। वह पूर्णिया की रहने वाली हैं। प्रियंका ने MBA चायवाले प्रफुल्ल बिल्लोरे का वीडियो देखा था। उससे प्रेरणा मिली और चाय का स्टार्टअप खोला था। प्रियंका गुप्ता ग्रेजुएट चायवाली के नाम से बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश में मशहूर हैं। कई नेता सहित साउथ के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा, भोजपुरी सुपरस्टार अक्षरा सिंह भी यहां चाय पीने आ चुके हैं।

About Post Author

You may have missed