जमुई : कोचिंग से वापस आ रही 14 साल की नाबालिग लड़की को अगवा कर गैंगरेप, 3 नामजद आरोपी गिरफ्तार

जमुई। बिहार के जमुई जिले में कोचिंग से घर लौट रही नाबालिग लड़की को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना खैरा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। गैंगरेप का आरोप गांव के ही रहने वाले पांच युवकों पर लगा है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को कोचिंग से लौटने के दौरान आरोपियों ने 14 वर्षीय लड़की को पकड़ लिया और जबरन जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि कोचिंग में पढ़ने जाने के दौरान लड़की के साथ गांव के एक लड़के ने छेड़खानी की थी। इसकी शिकायत जब कोचिंग के संचालक से की गई थी तो उन्होंने भरोसा दिया था कि आगे ऐसा नहीं होगा।
जानिए क्या हैं पूरी घटना
बुधवार को भी हर दिन की तरह छात्रा कोचिंग में पढ़ने गई थी। यहां से लौटने के दौरान छेड़खानी करने वाले लड़के ने अपने चार साथियों के साथ लड़की को जबरन उठा लिया और जंगल में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़िता ने घर लौटने के बाद परिवारवालों को आपबीती बताई जिसे सुनकर उनके होश उड़ गए। परिजन पीड़िता को लेकर खैरा थाने पहुंचे और पुलिस को इस संबंध में लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने पीड़िता और उसके परिजनों के बयान पर तीन युवकों को नामजद बनाते हुए पांच लोगों को अभियुक्त बनाया गया है।
पुलिस ने तीनों नामजद अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
वही घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने फौरन एक्शन लेते हुए तीनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। जमुई एसडीपीओ राकेश कुमार ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया है। पीड़िता के बयान पर तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सामूहिक दुष्कर्म हुआ है या नहीं, यह डॉक्टरी रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

About Post Author