August 12, 2026

PATNA : मनेर में जमीनी विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट, हुई ताबड़तोड़ फायरिंग

पटना। राजधानी पटना से सटे मनेर में जमीनी विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग की गई है। गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई। गोलीबारी और मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के नगवा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच पहले मारपीट हुई फिर गोलीबारी की गई। इस गोलीबारी में कोई जख्मी नहीं हुआ है। मेघनाथ राय अपने घर के पास वाली जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। उसी दरम्यान अरुण उर्फ होशियार सिंह अपने कुछ सहयोगियों के साथ पहुंचा और जमीन विवाद को लेकर मारपीट करने लगा। दोनों के बीच काफी वक्त से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इस संबंध में मेघनाथ राय ने मनेर थाना में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में बताया कि अपने घर के लोगों के साथ पास के खेत में जुताई कर रहे थे, उसी दौरान गांव के अरुण उर्फ़ होशियार सिंह और कुछ सहयोगियों के साथ उनके खेत में पहुंचे और मारपीट करने लगे। जब हम लोगों ने मारपीट का विरोध किया तो अरुण के सहयोगी उमाकांत और देवकांत गोलीबारी करने लगे। इसके बाद मैं और मेरा परिवार किसी तरह से वहां से भागकर अपनी जान बचाई। मेघनाथ राय ने अरुण उर्फ होशियार सिंह, देवकांत, उमाकांत, अमित कुमार समेत करीब आधा दर्जन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। इस संबध में मनेर थानाध्यक्ष शंकर संजय ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।

You may have missed