September 28, 2026

22 नवंबर को मुख्यमंत्री ने बुलाई कैबिनेट की बैठक, कर्मचारियों के डीए वृद्धि पर लगेगी मुहर

पटना। छठ महापर्व के कारण इस सप्ताह बिहार कैबिनेट की बैठक नहीं होगी। ऐसे में बिहार सरकार के कर्मियों को 4% डीए के लिए अब अगले सप्ताह तक इंतजार करना होगा। छठ से पहले यह तोहफा नहीं मिलने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से 22 नवंबर को 10:30 बजे मुख्य सचिवालय के कैबिनेट हाल में बैठक बुलाई गई है। उसमें 4% डीए पर मुहर लग सकती है। केंद्र सरकार ने 18 अक्टूबर को ही केंद्रीय कर्मचारियों को 4% डीए दे दिया है। केंद्र सरकार के फैसले के बाद राज्य सरकार उसे लागू करती रही है लेकिन कैबिनेट की पिछली दो बैठक से यह चर्चा होती रही है कि 4% डीए पर सरकार फैसला लेगी लेकिन कैबिनेट में उस पर मुहर नहीं लगी है। पिछले सप्ताह हुई कैबिनेट की बैठक में सरकार ने पिछड़ा-अति पिछड़ा और एससी-एसटी को दिए जाने वाले आरक्षण की सीमा 50% से 65% करने का फैसला लिया था। जातीय गणना की रिपोर्ट जारी होने के बाद नीतीश सरकार का यह बड़ा फैसला था और इसी कारण डीए पर फैसला नहीं हो पाया। बिहार सरकार के कर्मचारी अब अगली कैबिनेट का इंतजार कर रहे हैं। छठ महापर्व के कारण इस सप्ताह कैबिनेट की बैठक नहीं हो रही है। 22 नवंबर को होने वाली कैबिनेट की बैठक के लिए कैबिनेट विभाग की ओर से पत्र भी जारी कर दिया गया है। सभी मंत्रियों को इसकी सूचना भी दी गई है और संबंधित विभाग को तैयारी के लिए भी निर्देश दिया गया है।

You may have missed