पटना में नशे में धुत ट्रैफिक जवान ने किया हंगामा, लोगों के साथ की धक्का-मुक्की
पटना। बिहार में पूर्ण शराबबंदी है। इसके बावजूद भी डॉक्टर्स कॉलोनी के गोलंबर पर एक ट्रैफिक पुलिस का जवान नशे की हालत में नजर आ रहा है। आने-जाने वाले लोगों के सामने नशे में धुत जवान कभी हाथ जोड़ता है, तो कभी लड़खड़ाते हुए सड़क पर गिर पड़ता है। इस दौरान वहां से होकर गुजरने वाले लोगों के बीच हंसी का पात्र बनते रहा। इस दौरान झोपड़पट्टी के रहने वाले लोग उसके साथ धक्का-मुक्की भी करते नजर आए। डॉक्टर्स कॉलोनी मोड़ के पास के रहने वाले मुन्ना कुमार ने बताया कि बीते 4 दिनों से यह ट्रैफिक जवान ऐसा कर रहे हैं। ट्रैफिक के जवान से नाम-पता पूछने पर उसने लड़खड़ाते हुए बताया कि नाम महेंद्र चौहान है, नवादा के रहने वाले हैं। जब जवान से पूछा गया कि शराब कहां से मिली तो उसने कहा कि आस-पास से। इतना कहते हुए वो लड़खड़ाने लगा और ना सर..जी सर.. करने लगा। वह कैमरे पर हाथ जोड़ने लगा। डॉक्टर्स कॉलोनी के चौराहे पर मेट्रो का काम हो रहा है। दूसरी तरह झोपड़पट्टी है। कॉर्नर पर सुधा पार्लर है। यह ड्रामा घंटों चलता रहा। लोग भी एक सिपाही के कारण पूरी पटना पुलिस पर ताना मारते नजर आए। लोग भी सिपाही की इस हरकत को कैमरे में कैद करते नजर आए।