पटना समेत प्रदेश के अन्य जिलों में तेजी से गिरा तापमान, ठंड बढ़ने पर डॉक्टरों ने दी सावधान रहने की सलाह

पटना। बिहार में राजधानी पटना समेत सभी इलाकों के तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। सूबे के कुछ शहरों का न्यूनतम तापमान साढ़े चार डिग्री तक नीचे गिर गया है। समस्तीपुर के पूसा में इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। सुबह में पूसा का न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यहां पिछले 24 घंटों में 4.4 डिग्री न्यूनतम पारे में कमी आई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के मुताबिक पटना में भी ठंड में काफी बढ़ोतरी हुई है। यहां 2.8 डिग्री की गिरावट के साथ न्यूनतम पारा 14.4 डिग्री दर्ज किया गया। गया में भी 2.6 डिग्री की कमी आई है। यहां न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य भर में पछुआ और उत्तर पछुआ हवाओं का प्रभाव तेजी से बढ़ा है। इसका असर बिहार सहित अन्य मैदानी इलाकों के न्यूनतम और अधिकतम तापमान पर पड़ा है। आने वाले एक दो दिनों में हवा की गति बढ़ने से ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है। राज्य भर में सुबह शाम धुंध और उत्तर बिहार के कुछ जिलों में कोहरे के आसार हैं। मुजफ्फरपुर में न्यूनतम पारा 2.4 डिग्री लुढ़का पछुआ हवा से ठंड में लगातार वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटे में रात का न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री लुढ़क गया। रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री नीचे रहा। इधर, दिन का तापमान भी सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। राज्य भर में पूसा के बाद गया सबसे सर्द रहा। दो-तीन दिनों के अंदर गया में ठंड बढ़ गयी है। वही पटना समेत राज्य में तेजी से गिरा न्यूनतम तापमान गिरने से ठंड बढ़ गयी है। वही डॉक्टरों ने आम जनों को मौसम से सावधान रहने की सलाह दी है। शाम को बगैर गर्म कपड़ों के घर से नहीं निकलने की चेतावनी दी गयी हैा

About Post Author