विष्णुपद थाना क्षेत्र के देवघाट के समीप दो पक्षों में मारपीट के दौरान फायरिंग

गया। शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र के देवघाट गुरुद्वारा के समीप दो पक्षों में मारपीट के दौरान फायरिंग शुरू हो गई। प्राप्त सूचना के अनुसार विष्णुपद थाना क्षेत्र के देवघाट समीप संतोष सिंह और पांडे राय में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि संतोष सिंह ने पिस्टल निकाल फायरिंग शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची विष्णुपद थाने की पुलिस ने मौके पर से हथियार के साथ संतोष सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में विष्णुपद थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि देवघाट के पास फायरिंग की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोली चलाने वाला संतोष सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दौरान उसके पास व घर की तलाशी ली गई तो एक लोडेड पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक तलवार, 2 मैगजीन, ढाई किलो गांजा व एक मोबाइल बरामद हुई है। इसके साथ संतोष सिंह के पिता राजधानी सिंह को भी गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि जिससे झगड़ा हुआ, वह मौके से फरार चल रहा है। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया संतोष सिंह नशे की हालत में प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच शुरु कर दी गई है। गिरफ्तार संतोष सिंह को मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया जाएगा।

About Post Author

You may have missed