रिंटू सिंह हत्याकांड : तेजस्वी ने की लेसी सिंह की गिरफ्तारी मांग, पत्नी बोली- मंत्री के इशारे पर हुई हत्या, सुरक्षा दे सरकार

पटना। बिहार में आतंक का राज है। बिहार विधान मंडल के सत्र में भी सामान्य प्रशासन और गृह विभाग से जुड़े सवाल उठाने की मनाही है। उक्त बातें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को राजद कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा। उनके साथ पूर्णिया के विश्वजीत सिंह उर्फ रिंटू सिंह की पत्नी अनुलिका सिंह और उनका परिवार भी बैठा था। बता दें पूर्व जिला परिषद सदस्य रिंटू सिंह की हत्या बीते 12 नवंबर को पूर्णिया के धमदाहा में गोली मारकर कर दी गई थी। इस हत्याकांड में मंत्री लेसी सिंह का नाम सामने आने के बाद से बिहार की सियासत गरमायी हुई है।
पत्नी बोली, मंत्री लेसी सिंह के इशारे पर हुई हत्या
पत्रकारों को संबोधित करते हुए रिंटू सिंह की पत्नी व जिला परिषद सदस्य अनुलिका सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी पति की हत्या बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह के इशारे पर हुई है। उन्होंने यह कहा कि उनकी ननद के पति के भाई बेनी सिंह की हत्या पिछले साल 7 नवंबर को कर दी गई थी। दोनों हत्या लेसी सिंह के भतीजे अटिया ने की है। सीसीटीवी फुटेज आने के बावजूद अब तक अटिया की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने राज्य सरकार से कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग की, साथ ही कहा कि उनके परिवार को सरकार सुरक्षा दे, क्योंकि लगातार धमकियां भी मिल रही हैं।
लेसी सिंह को गिरफ्तार करने की मांग
वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मंत्री लेसी सिंह के भतीजे अटिया को सरकारी संरक्षण मिल रहा है। जब लेसी सिंह पर आरोप लग रहा है तो सरकार उन्हें क्यों नहीं हटा रही है। तेजस्वी ने लेसी सिंह को गिरफ्तार करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि सीडीआर रिपोर्ट सामने आनी चाहिए। ताकि पता चले कि लेसी सिंह ने किस-किस से बात की है। उन्होंने यह भी कहा कि जिसकी हत्या हुई है, उन्हें धमकी दी गई थी कि लालटेन के लिए काम करते हो, मरवा दिया जाएगा। तेजस्वी ने कहा कि इस मामले में परिवार को सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए और सही तरीके से अनुसंधान होना चाहिए। इस बारे में वह डीजीपी को भी पत्र लिखेंगे और उसकी कॉपी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी भेजेंगे।

About Post Author

You may have missed