PATNA : शौच जा रहे व्यक्ति की करंट लगने से मौत, बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

फुलवारी शरीफ। पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के ग्राम लखीपुर कोली में रविवार सुबह 10 बजे विद्युत स्पर्शाघात से 55 वर्षीय अरविंद सिंह की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब अरविंद सिंह अपने मकान से शौच करने हेतु निकले तभी वहां घर के पीछे ही करंट प्रवाहित विद्युत तार के संपर्क में आते ही घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। जब मृतक के भाई खेती के प्रयोजन से निकले तो देखा कि अरविंद सिंह करंट लगने से मृत पड़े हुए हैं। घटना की जानकारी प्राप्त होते ही परिजनो में कोहराम मच गया। पत्नी सुनीता देवी बार-बार बेहोश हो जा रही थी। घटना के संबंध में गौरीचक थाना में दर्ज करा दी गई है। शव को स्थानीय थाना द्वारा नालंदा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि घर के पीछे विद्युत विभाग का एलटी तार काफी जर्जर अवस्था में है, जिसे दुरुस्त करने के लिए कई बार विभाग को कहा गया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कॉल करके और पत्र के जरिये भी जर्जर तार बदलने का आग्रह किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और विभाग की लापरवाही के चलते ही टूटे तार की चपेट में आकर अरविंद सिंह की मौत हो गई। पूर्व पंचायत समिति सदस्य राजलक्ष्मी सिंह ने विद्युत कार्यपालक अभियंता, मसौढ़ी से मृतक के परिवार को 4 चार लाख रुपये मुआवजा भुगतान करने की मांग की है।

About Post Author