बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष व हरियाणा के पूर्व राज्यपाल धनिक लाल मंडल के निधन पर सीएम नीतीश ने जताया शोक, मधुबनी में आज होगा अंतिम संस्कार

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाजवादी नेता,बिहार विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष एवं हरियाणा के पूर्व राज्यपाल धनिक लाल मंडल के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि वे एक लोकप्रिय राजनेता तथा कुशल प्रशासक थे। वे अपने क्षेत्र में लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से दुख पहुंचा है। उनका निधन सामाजिक एवं राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय धनिक लाल मंडल के पुत्र एवं विधायक श्री भारत भूषण से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हे सांत्वना दी।  मंडल का पार्थिव शरीर सोमवार को पटना स्थित विधानसभा परिसर में लाया जाएगा। जहां गणमान्य लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मंडल का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव मधुबनी जिले के बेल्हा में होगा। धनिकलाल मंडल का जन्म 30 मार्च 1932 को हुआ था। वह छात्र कांग्रेस के एक सक्रिय सदस्य थे और भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले सदस्य थे।

About Post Author