सलमान के घर के बाहर फायरिंग करने वाला पांचवा अपराधी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने राजस्थान से दबोचा

जयपुर। सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग के मामले में एक और गिरफ्तारी की गई है। अब इस मामले में पुलिस ने कुल 5वीं गिरफ्तारी की है। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार को 5वें आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है, जिसका नाम मोहम्मद रफीक चौधरी है। इसी ने सलमान के घर की रेकी करने में शूटरों की मदद की थी। साथ ही उनके लिए पैसा भी जुटाया था। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को राजस्थान से मुंबई लेकर आ रही है। यहां उसे किला कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस 5 दिन की कस्टडी की मांग कर सकती है। इससे पहले 25 अप्रैल को क्राइम ब्रांच ने पंजाब से सुभास चंद्र और अनुज थापन को अरेस्ट किया था। वहीं, 15 अप्रैल को गुजरात से दो आरोपी विक्की गुप्ता और सागर पाल को गिरफ्तार किया था। विक्की और सागर ने ही सलमान के घर के बाहर फायरिंग की थी। 14 अप्रैल को सलमान के घर के बाहर सुबह 5 बजे फायरिंग हुई थी। दो बाइक से आए हमलावरों ने 4 राउंड फायर किए। उस समय सलमान घर में ही थे। 1 मई को गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी अनुज थापन ने मुंबई पुलिस की कस्टडी में चादर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अनुज के सुसाइड की जांच राज्य की सीआईडी को सौंपी गई है। हालांकि, थापन के भाई अभिषेक ने दावा किया कि पुलिस ने उसकी हत्या कर दी है। वह ऐसा नहीं था, जो आत्महत्या करे। मुंबई क्राइम ब्रांच ने फायरिंग केस में 25 अप्रैल को अनुज और सुभाष चंदर को पंजाब से पकड़ा था। दोनों ने इस घटना के लिए हथियार मुहैया कराए थे। दोनों कई सालों से लॉरेंस बिश्नोई के साथ मिलकर काम कर रहे थे। जून 2022 में मॉर्निंग वॉक पर निकले सलमान के पिता सलीम खान जब घर लौटे तब उन्हें एक अज्ञात पत्र मिला था, जिसमें उन्हें और सलमान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पत्र में लिखा था- ‘तेरा मूसेवाला जैसा हाल बना देंगे सलमान खान।’ इसके बाद सलीम खान ने अपने सुरक्षाकर्मी की मदद से पुलिस से संपर्क किया और बांद्रा थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया। पिछले साल मुंबई पुलिस ने फोन कर सलमान को जान से मारने की धमकी देने वाले को हिरासत में लिया था। धमकी देने वाला 16 साल का एक नाबालिक था। उसने मुंबई पुलिस को एक कॉल के जरिए धमकी देते हुए अपना नाम रॉकी भाई बताया था। कहा कि वो राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है और 30 अप्रैल को सलमान को मार देगा। पिछले साल ही जोधपुर के रहने वाले धाकड़राम ने सलमान के ऑफिशियल मेल पर 3 ई-मेल किए थे। इसमें लिखा था कि सलमान खान अगला नंबर तेरा है, तू जोधपुर आते ही सिद्धू मूसेवाला की तरह मारा जाएगा।

About Post Author

You may have missed