बिहार दिवस पर सीएम नीतीश और राज्यपाल ने बिहारवासियों को दी शुभकामनाएं, आगे बढ़ने का दिया संदेश

पटना। शुक्रवार 22 मार्च को पूरे प्रदेश में बिहार दिवस के उपलक्ष में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी बीच बिहार दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने राज्य के लोगों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं और बधाई दी। हालांकि इस बार आचार संहिता लागू होने के कारण गांधी मैदान में कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं हो सका लेकिन फिर भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार के राज्यपाल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से बिहार दिवस की उपलक्ष में सभी बिहारवासियों एवं प्रवासी बिहारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने अपने संदेश में कहा है कि ”बिहार दिवस के पावन अवसर पर समस्त राज्यवासियों को बिहार के गौरव को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लेते हुए इस राज्य व देश के समग्र विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान करना चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आशा व्यक्त की है कि ”बिहार निरंतर प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। बिहारवासी आपसी एकता, भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं सद्भाव बनाये रखेंगे। हम सब मिलकर बिहार को प्रगति की नई ऊँचाई पर पहुँचायेंगे एवं बिहार के गौरव को और आगे बढ़ायेंगे।
तेजस्वी यादव ने दी बिहार दिवस की शुभकामनाएं
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि ”बिहार लोकतंत्र की जननी, विभिन्न धर्मों की उद्गमस्थली, महापुरुषों की जन्मस्थली, वीरों की कर्मभूमि, गौरवशाली इतिहास, समृद्ध विरासत, ज्ञान, सद्भावना और समरसता की पावन धरा है। हम आपसी प्रेम, विश्वास, सामाजिक समरसता एवं धार्मिक सद्भाव रखते हुए अपने संकल्प व जन भागीदारी से बिहार की उन्नति, प्रगति और समृद्धि में हर प्रकार से निरंतर योगदान कर रहे हैं और करते रहेंगे। आइये, मिलकर बिहार के गौरव को आगे बढ़ाएं।”

About Post Author

You may have missed