प्रदेश में बर्फीली हवाओं के कारण बढ़ी ठंड; 7 जिलों के न्यूनतम तापमान में आई गिरावट, गया रहा सबसे ठंड

पटना। बिहार में ठंड के साथ कोहरा घना होता जा रहा है। बर्फीली हवाओं के प्रवाह से तापमान में गिरावट जारी है। राज्य के 16 जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। पटना का तापमान भी लगभग एक डिग्री गिरा है। राज्य में गया सबसे ठंडा शहर रहा, यहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार के 7 जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर बिहार में देखने को मिल रहा है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाएं मैदानी इलाके में सर्दी बढ़ा रही है। इस कारण बिहार में पारा तेजी से लुढ़क रहा है। गुरुवार को सबसे कम गया में 7.8 डिग्री, उसके बाद बांका में 8.6 डिग्री, सबौर में 8.6 डिग्री, सीवान में 10 डिग्री, रोहतास में 9.6 डिग्री, समस्तीपुर में 8.5 डिग्री, नवादा में 9.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। जिन जिलों में तापमान में गिरावट आई है उनमें पटना, रोहतास, नवादा, गया, शेखपुरा, खगड़िया, समस्तीपुर, बेगूसराय, भागलपुर, मुजफ्फरपुर शामिल हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य में फिलहाल तापमान में गिरावट पर ब्रेक लगने वाला है। अगले 24 घंटे के भीतर राज्य में न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट के आसार नहीं हैं। अगले एक-दो दिनों में अधिकतर जगहों पर न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी के आसार हैं।

About Post Author

You may have missed