बिहार में 8 डिग्री तक तापमान गिरने से कड़ाके की ठंड जारी, अगले 3 दिनों तक नहीं मिलेगी राहत

  • बिहार के सभी जिलों के लिए मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी, 5 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

पटना। बिहार में सर्दी का सितम जारी है। भागलपुर पटना, मुजफ्फरपुर सहित एक दर्जन जिले सोमवार को शीतलहर की चपेट में रहे। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 8 डिग्री तक नीचे रहा है। जबकि, रात का तापमान सामान्य के करीब रहा। कोहरा और पछुआ हवा में ठंड की वजह से गलन का एहसास हो रहा है। सोमवार को बिहार में दिन सबसे कम पारा मुजफ्फरपुर में 14 डिग्री और रात में सबसे कम तापमान सीवान में 8 डिग्री दर्ज किया गया। भागलपुर दिनभर धुंध की चपेट में रहा। पिछले 24 घंटे में जहां अधिकतम तापमान में 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, वहीं न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की वृद्धि हुई। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 4 किलोमीटर प्रति घंटे रही। सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री, भागलपुर में 6 डिग्री, पूर्णिया 7 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के ऊपर प्रति चक्रवाती हवाओं का प्रभाव है। इससे केंद्र में अधिक तो आसपास नमी ‘युक्त हवा का प्रभाव है। साथ ही सतह से डेढ़ किलोमीटर ऊपर तक पछुआ और उत्तर पश्चिम हवाएं चल रही हैं। इससे पांच जनवरी तक घने कोहरे का आसार है। मौसम विभाग ने बिहार के सभी हिस्से में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे कोहरे के साथ ही दिन में तापमान में गिरावट होगी। हालाकि, चार जनवरी तक रात का पारा स्थिर रहेगा और पांच जनवरी से रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री की गिरावट होगी।
पहाड़ों में बर्फबारी से हवा में नमी बढ़ी तो तेजी से गिर रहा दिन का तापमान
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में हो रही बर्फबारी के बाद चल रही उत्तर-पश्चिमी हवा के कारण इस क्षेत्र में भी तेजी से बर्फीली हवा पहुंच रही है। हवा में नमी की मात्रा सुबह में रिकॉर्ड 100 फीसदी और दोपहर में भी 97 फीसदी रहने से दिन के तापमान तेजी से घटा। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक शीतलहर जारी रह सकती है। तीन दिनों तक आसमान में हल्के बादल और कोहरा छाने से धूप के निकलने संभावना कम है।

About Post Author

You may have missed