मांझी ने नीतीश की खराब तबियत को बताया बड़ी साजिश, पूर्व सीएम बोले- जल्द जारी हो मुख्यमंत्री का हेल्थ बुलेटिन

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तबीयत खराब चल रही है। पिछले एक सप्ताह से वह बीमार हैं। वो सीजनल फ्लू की चपेट में है और सीएम आवास में डॉक्टरों की सलाह पर आराम कर रहे हैं। इस वजह से जनता दरबार आज रद्द कर दिया गया है। वहीं पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने इसे सियासी साजिश बताया है। उन्होंने कहा है कि सीएम के खिलाफ साजिश हो रही है। जीतनराम ने नीतीश कुमार का हेल्थ बुलेटिन जारी करने की मांग की है। बता दें कि इसके पहले भी वो सीएम को जहरीला पदार्थ देने की साजिश का आरोप लगा चुके हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सेहत खराब और जनता दरबार कार्यक्रम को स्थगित किए जाने पर अब सियासी बयान सामने आया है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने उनकी बीमारी और जनता दरबार स्थगित किए जाने पर सवाल खड़े किए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जितना मांझी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि पिछले 10 दिनों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तबीयत खराब है। उनको कुछ हुआ भी है या फिर सिर्फ उनके साथ राजनैतिक साजिश चल रही है। नीतीश कुमार का हेल्थ बुलेटिन जारी होना चाहिए जिससे पता चले कि उनकी स्थिति कैसी है। 10 नवंबर को विधानसभा गेट पर धरने पर बैठे पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने कहा था कि नीतीश कुमार के खाने में कोई विषैला पदार्थ मिला रहा है। उन्हें गद्दी से हटाने के लिए, किसी और को सीएम बनाने के लिए एक बड़ी साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा, ‘इसके कारण ही वह इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। कभी विधानसभा में महिलाओं पर विवादित टिप्पणी देते हैं, तो कभी मंत्री अशोक चौधरी के पिता को श्रद्धांजलि देने की बजाय जिंदा मंत्री पर ही फूल चढ़ाने लगते हैं।’

About Post Author

You may have missed