चिराग का CM नीतीश पर हमला, कहा- 17 वर्षों में सिर्फ समाज को बांटने का काम किया और राजनीतिक लाभ उठाया

सासाराम। बिहार में चारों ओर अराजक स्थिति है। जंगलराज से बदतर हालात है। सब की सुरक्षा का भार जिस पुलिस पर है, वही सुरक्षित नहीं है। उक्त बातें मंगलवार को रोहतास जिला के पेनार में स्व. शक्ति कुमार शोला के मूर्ति अनावरण के अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद चिराग पासवान ने कहा।
चिराग ने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में आधारभूत संरचना नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और उद्योग को सरकार ने चौपट कर दिया है। इसके कारण शिक्षा के लिए, रोजगार के लिए और स्वास्थ्य के लिए बिहार के लोगों को दूसरे प्रदेशों में जाना पड़ता है, जहां बिहारी कहकर उन्हें अपमानित किया जाता है। यहीं नहीं, रोजगार के तलाश में पलायन करने वाले छात्र, नौजवान, मजदूरों की संख्या प्रति वर्ष बढ़ती जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमेशा बिहार की जनता को कहते हैं कि 15 साल के लालू-राबड़ी के शासनकाल में क्या हुआ याद करो, लेकिन 17 वर्षों के शासनकाल में वे बिहार की जनता के लिए क्या किया, यह नहीं बताते हैं।
आगे श्री चिराग ने कहा कि 17 वर्षो में यदि नीतीश कुमार ने एक भी काम बिहार के हित में किया होता तो बिहार देश के अंतिम पायदान पर आज नहीं होता। उन्होंने 17 वर्षों में समाज को सिर्फ बांटने का काम किया है और उसका राजनीतिक लाभ उठाया है। बिहार की जनता समझ गई है, सबक सिखाएगी।
सभा को वरिष्ठ नेता डॉ. सत्यानंद शर्मा, संजय पासवान, अशरफ अंसारी, अनिल कुमार पासवान, सीमांत मृणाल पासवान, कचहरी पासवान, धनंजय ठाकुर, चुनचुन पासवान सहित अनेकों नेताओं ने संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और संचालन जनेश्वर पासवान ने किया।

About Post Author

You may have missed