मुजफ्फरपुर में लोन के नाम पर 200 से अधिक महिलाओं से ठगी, 3 करोड़ से अधिक रुपये हुए गायब

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के चकना गांव की 200 से अधिक महिलाओं से 3 करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। इन महिलाओं  का खाता खोल लोन स्वीकृत कराया गया और करोड़ों रुपये की ठगी की गई। इसकी जानकारी होने के बाद महिलाओं का सब्र टूट गया। शुक्रवार को इन महिलाओं ने तीन माइक्रो फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट को बंधक बनाकर जमकर हंगामा किया। इतनी बड़ी राशि के गबन से महिलाओं का बुरा हाल है। हंगामा कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि एक दर्जन से अधिक माइक्रो फाइनेंस कंपनी, सीएसपी संचालक तथा कथित एजेंट की मिलीभगत से गांव की 205 महिलाओं के नाम पर लोन स्वीकृत करवा कर करीब तीन करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी की गई है। ऋण की किस्त वसूली के लिए आए तीन माइक्रो फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट को महिलाओं ने घेर लिया। उनसे पूछताछ करने पर मामले की जानकारी हुई। उसके बाद तीनों को महिलाओं ने बंधक बना लिया। करीब तीन घंटे तक हंगामा व विवाद हुआ। इससे अफरातफरी की स्थिति बन गई। हंगामा की सूचना मिलने पर सरैया पुलिस मौके पर पहुंची। किसी तरह आक्रोशित महिलाओं को शांत कराया। इसके बाद तीनों एजेंट को बंधक मुक्त कराया। पुलिस ने आरोप लगा रही महिलाओं और अन्य लोगों से लिखित शिकायत करने को कहा। इसके बाद जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। गांव में ठगी की शिकार महिलाएं काफी परेशान थीं। पूर्व मुखिया रामप्रवेश सहनी ने बताया कि दर्जनों फाइनेंस कंपनी ने 200 से अधिक महिलाओं के नाम पर एक से 9 लाख तक का ऋण स्वीकृत किया। इसमें स्थानीय एक महिला एजेंट, उसका पुत्र और सरैया बाजार स्थित दो सीएसपी संचालकों की मिलीभगत सामने आ रही है। समूह से जुड़ी महिलाओं को बहला फुसलाकर सीएसपी में खाता खोलवाया गया। उसके बाद महिलाओं का मोबाइल, पासबुक और एटीएम कार्ड केवाईसी करने के नाम पर मांग लिया गया। इसके बाद अंगूठा लगवा कर राशि की निकासी कर ली गई। ऋण की राशि गबन करने की जानकारी मिलने पर कथित महिलाएं कथित एजेंट के घर पर पहुंची। वहां के ग्रामीणों ने बताया कि महिला एजेंट पूरे परिवार के साथ एक माह से घर छोड़ कर फरार है। महिलाओं का कहना था कि वे थाने में एफआईआर के लिए आवेदन देंगी। मामले में एसडीपीओ सरैया कुमार चंदन ने बताया कि थाने से जानकारी ली जा रही है। महिलाओं का आवेदन मिलने पर जांच कर दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।

About Post Author

You may have missed