BJP कार्यालय में जश्न का माहौल, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने द्रौपदी मुर्मू को दी जीत की बधाई

पटना। एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की ऐतिहासिक जीत पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार की शाम खूब जश्न मनाया गया।  वही कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और खूब गुलाल उड़ाये। जिसके बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय से आयकर गोलंबर तक जुलूस भी निकाला गया, जिसमें उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।  महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लाजवंती झा के नेतृत्व में जुलूस में खासकर महिला मोर्चा के कार्यकर्ता एवं आदिवासी समाज की महिला एवं पुरुषों ने अपनी पारंपरिक नृत्य के माध्यम से खुशी का इजहार किया।  वही उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने द्रौपदी मुर्मू की ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए कहा कि श्रीमती मुर्मू की जीत महिलाओं एवं खासकर आदिवासी समाज के लिए गर्व की बात है।  देश के इतिहास में पहली बार समाज के सबसे निचले पायदान आदिवासी समाज से आने वाली महिला महामहिम की कुर्सी पर विराजमान होने जा रही हैं। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्यक्ष के सपने को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साकार करने का काम किया है। उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार आदिवासी समाज की महिला राष्ट्रपति निर्वाचित हुई हैं।

भाजपा ने हमेशा से महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है। संगठन से लेकर सरकार में महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने का काम सर्वप्रथम भारतीय जनता पार्टी ने ही किया है। प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने चाहते हैं। बधाई देने वालों में गन्ना मंत्री प्रमोद कुमार, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव नारायण महतो, नीतीश मिश्रा, सिद्धार्थ शंभू, राजेश वर्मा, प्रदेश महामंत्री देवेश कुमार, भाजपा के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा, प्रदेश प्रवक्ता निखिल आनंद, संतोष पाठक, विनोद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल, प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिंह, अशोक भट्ट, राजेश झा, पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव रंजन, पंकज सिंह आदि शामिल रहे।

About Post Author

You may have missed