नौकरानी को बंधक बनाकर 8 साल तक प्रताड़ित करने वाली भाजपा नेत्री सीमा पात्रा गिरफ्तार, एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज

  • घर जानें की बात पर नौकरानी को किया टॉर्चर, जीभ से साफ करवाया फर्श, रॉड से तोड़े दांत

नई दिल्ली। 8 साल से नौकरानी को प्रताड़ित करने वाली रिटायर्ड आईएएस की पत्नी और निलंबित भाजपा नेत्री सीमा पात्रा को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पात्रा गिरफ्तारी के डर से फरार होने की कोशिश में थी, उससे पहले अरगोडा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पिछले दो दिनों से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। आज उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। 29 साल की एक आदिवासी दिव्यांग लड़की को रिटायर्ड आईएएस महेश्वर पात्रा की पत्नी ने घर में काम करने के बहाने उसे 8 साल तक कैद करके रखा था। पीड़ित का नाम सुनीता है। उसने बताया कि उसे भरपेट खाना नहीं दिया जाता था। रॉड से पीटा जाता था और गर्म तवे से जलाया जाता था। फिलहाल उसे कैद से छुड़ाकर रांची रिम्स में भर्ती कराया गया है। वही इस मामले में राज्यपाल रमेश बैस ने सीमा पात्रा मामले पर संज्ञान लेते हुए अपनी नाराजगी जताई है। पुलिस की शिथिलता पर भी अपनी गंभीर चिंता जताते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक से पूछा है कि अब तक पुलिस ने दोषी के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की है।
घर जाने को कहती तो मारते थे मालिक
पात्रा दंपती रांची के वीआईपी इलाके अशोक नगर में रहते हैं। पीड़ित सुनीता ने बताया कि वह गुमला की रहने वाली है। सीमा पात्रा के दो बच्चे हैं। बेटी की दिल्ली में जॉब लगी तो वह 10 साल पहले घर में काम करने दिल्ली गई। 6 साल पहले वह रांची वापस आ गई। उसे शुरू से ही प्रताड़ित किया जा रहा था। वो काम छोड़ना चाहती थी, लेकिन 8 साल से घर में बंधक बनाकर रखा गया था। घर जाने के लिए कहती तो बुरी तरह मारा-पीटा जाता था। बीमार होने पर इलाज भी नहीं कराया जाता था। जिसके बाद सुनीता ने एक दिन किसी तरह मोबाइल पर सरकारी कर्मचारी विवेक आनंद बास्के को मैसेज भेजकर अपने ऊपर हो रहे अत्याचार के बारे में जानकारी दी। सूचना पर अरगोड़ा थाने में शिकायत दर्ज की गई। इसके बाद रांची पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने सुनीता को रेस्क्यू किया।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की संयोजक रहीं सीमा
सीमा के पति महेश्वर पात्रा राज्य में आपदा प्रबंधन विभाग में सचिव रहे हैं और विकास आयुक्त के पद से रिटायर हुए हैं। सीमा भाजपा नेता भी रहीं। उन्हें पार्टी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का प्रदेश संयोजक भी बनाया था।
एससी-एसटी धाराओं के तहत मामला दर्ज
सीमा पात्रा के खिलाफ रांची के अरगोड़ा थाने में एससी-एसटी की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही भारतीय दंड संहिता की धाराओं में भी केस दर्ज किया गया है। हटिया डीएसपी राजा मित्रा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस पीड़ित के मेडिकली फिट होने का इंतजार कर रही है, ताकि बयान दर्ज कराया जा सके। सुनीता की सुरक्षा में दो महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया है।

About Post Author

You may have missed