September 21, 2026

बिहार के 23 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी, चार मई तक आंधी-पानी के आसार

पटना। बिहार में अगले तीन-चार दिनों तक आंधी-पानी की संभावना हैं। शनिवार को सूबे के 23 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां आंधी-पानी और आकाशीय बिजली गिरने के आसार हैं। जबकि तीन और चार मई को इसकी तीव्रता बढ़ने के आसार हैं। राज्य के अधिकतर भाग में धूल भरी आंधी की स्थिति बन सकती है। बता दें पिछले 24 घंटे में बिहार के कई भाग में आंधी-पानी की स्थिति रही। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से हर दूसरे-तीसरे घंटे पर ताजा अलर्ट जारी किया जाता रहा। मिली सूचना के अनुसार पिछले 24 घंटों में राजपुर में 20.6 मिमी, वाल्मिकीनगर और तरारी में 14 मिमी, हयाघाट में 4.6, झाझा में 4.2 मिमी और जहानाबाद में 3.2 मिमी बारिश हुई। वहीं पटना में भी देर रात बादल गरजे लेकिन बारिश की स्थिति नहीं रही। इसके अलावे पश्चिम चंपारण, सहरसा, मधेपुरा, भभुआ, औरंगाबाद, रोहतास, अरवल, बक्सर, भोजपुर, गया, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी व एक दो अन्य जिलों में आंधी और छिटपुट बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व मध्य प्रदेश के आसपास बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिणी बिहार होकर पूर्वी उत्तरप्रदेश से असम तक बनी हुई है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश के कई भागों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश के साथ धूल भरी आंधी के आसार हैं। अधिकतम तापमान में गिरावट भी आ सकती है।

You may have missed