बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा दिल्ली तलब, नेतृत्‍व परिवर्तन की खबर का बाज़ार गर्म

पटना। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर 17 अप्रैल से बिहार में प्रस्तावित गांधी संदेश यात्रा स्थगित कर दी गई है। दूसरी ओर कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा को दिल्ली तलब कर लिया है। डा. झा मंगलवार की देर शाम ही दिल्ली पहुंच गए हैं। इसके बाद से राज्य में कांग्रेस नेतृत्व को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है। पार्टी के प्रदेश स्तर के नेता इस मसले पर बोलने से परहेज कर रहे हैं।

गांधी संदेश यात्रा स्थगित, दो सप्‍ताह का था यात्रा कार्यक्रम

इस महीने के प्रारंभ में कांग्रेस आलाकमान ने अप्रैल में गांधी यात्रा शुरू करने का फैसला किया था। बिहार में यह यात्रा 17 अप्रैल से चंपारण से होनी थी। दो सप्ताह की यात्रा बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों से होते हुए झारखंड और इसके बाद पश्चिम बंगाल पहुंचनी थी। केंद्रीय स्तर पर यात्रा की शुरुआत साबरमती से होनी थी, लेकिन यात्रा प्रारंभ हो, इसके पूर्व ही इसे स्थगित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस आलाकमान ने यात्रा स्थगित करने के पहले प्रदेश अध्यक्ष को दिल्ली तलब किया। उन्होंने दिल्ली में आलाकमान से मिलने के बाद प्रदेश के नेताओं को यात्रा स्थगन की जानकारी दी। पार्टी के नेताओं के बीच चर्चा है कि यात्रा स्थगित करने और प्रदेश अध्यक्ष को दिल्ली तलब करने की वजह कहीं नेतृत्व परिवर्तन तो नहीं। बहरहाल इस मसले पर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता से लेकर आलाधिकारी तक बोलने से परहेज कर रहे हैं।

नेतृत्‍व परिवर्तन की पहले भी चली है चर्चा

बिहार में कांग्रेस का नेतृत्‍व बदले जाने की चर्चा कई माह पहले भी शुरू हुई थी। तब कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष अनिल शर्मा ने अलग-अलग समुदाय से कई कार्यकारी अध्‍यक्ष बनाने का सुझाव दिया था। कई नाम भी चर्चा में आने लगे थे। लेकिन, यह सब चर्चा तक ही सिमट कर रह गया था।

About Post Author

You may have missed