PATNA : गांधी मैदान थाना के लालजी टोला से 12 साल का बच्चा रहस्यमय तरीके से लापता, पिता ने जताई किडनैपिंग की आशंका

लापता नमित की फोटो।

पटना। राजधानी पटना में 12 साल का बच्चा नमित आनंद रहस्यमय तरीके से लापता है। मंगलवार को लस्सी खरीदने के लिए वो घर से निकला था। पर उसके बाद से वापस नहीं लौटा। जिसके बाद से परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार बार-बार थाना का चक्कर लगा रहा है। पिता का आरोप है कि उनके बेटे को किडनैप किया गया है। इस मामले में उनका शक अपने ही भाई और भतीजे पर है। 12 साल के बच्चे के गायब होने का यह मामला गांधी मैदान थाना के तहत लालजी टोला इलाके का है। नमित के पिता का नाम सत्येंद्र कुमार है। इनके अनुसार उनका बेटा मंगलवार को दोपहर बाद 3 बजकर 40 मिनट के करीब घर से निकला था। वो लस्सी खरीदने गया था। जब वो वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोग उसे खोजने निकले। जब देर रात तक उसका पता नहीं चला तो गांधी मैदान थाना के पुलिस को लिखित शिकायत की। फिर घर के पास गली में लगे एक CCTV कैमरे के फुटेज को खंगाला। जिसमें नमित जाता हुआ दिखा भी। उसने लाल रंग का टीशर्ट और हाफ पैंट पहन रखा था।
तलाश करने में जुटी पुलिस
सत्येंद्र का आरोप है कि अपने भाई और भतीजे से उनका घरेलू विवाद चल रहा है। उन्हें शक है कि उसी विवाद के चक्कर में उनके बेटे को किडनैप किया गया है। पटना के ही एक प्राइवेट स्कूल के क्लास 7 में उनका बेटा पढ़ाई कर रहा था। इस मामले पर गांधी मैदान थाना की पुलिस से बात की गई। पुलिस का दावा है कि फिलहाल यह मामला बच्चे की गुमशुदगी का है। उसे गायब हुए 24 घंटे से अधिक हो गए हैं पर फिरौती या किसी प्रकार का कोई कॉल बच्चे के परिवार को नहीं आया है। नमित की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है।

About Post Author

You may have missed